जुलूस निकालकर फूंका बराक ओबामा का पुतला
मुरादाबाद। सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर आफ इंडिया (कम्युनिस्ट) ने शिकागो में चल रहे नाटो शिखर सम्मलेन के खिलाफ विरोध सभा का आयोजन किया। इन्होंने जुलूस निकाल कर अमेरिका के राष्ट्रपति का पुतला फूंका।
यूथ बार एसोसिएशन के सभागार में हुई सभा में जनवादी लेखक संघ के संयोजक मुशर्रफ अली ने नाटो सम्मेलन की आलोचना की। कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य दुनिया के सभी देशों को धमकाना है। इसका प्रभाव हमारे देश पर भी पड़ेगा। मांग की कि सरकार को साम्राज्य वादियों से सांठगांठ बंद करनी चाहिये। साथी दिनेश ने अमेरिका का अन्य देशों में हस्तक्षेप के विरुद्ध जनमत तैयार करने पर बल दिया। उमा शंकर शुक्ला ने पूंजी वादी व्यवस्था पर चोट की। कहा इसने आम आदमी का जीवन असहनीय बना दिया है। राम मोहन एडवोकेट ने सक्रिय रहकर बड़ी कुर्बानी के लिये तैयार रहने का आह्वान किया। आदित्य कुमार एडवोकेट, जुनैद एजाज आदि ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता गीतकार माहेश्वर तिवारी ने व संचालन विजय पाल सिंह ने किया। सभा के बाद जुलूस निकाला गया। इन्होंने मुख्य मार्ग पर पहुंचकर अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा का पुतला भी फूंका।