मुरादाबाद। बिजली का विकट संकट है। आठ घंटे से भी ज्यादा की कटौती तो ऊपर से हो रही है और बाकी लोकल फाल्ट के कई घंटे। भीषण गरमी में बिजली संकट ने लोगों को बेहाल कर दिया है। कई इलाकों में लोग पानी को भी तरस गए। दिल्ली रोड पर तार टूटने से मानसरोवर कालोनी के बड़े हिस्से में रातभर बिजली नहीं रही। जब फाल्ट ठीक हुआ तो आठ बजे रोस्टिंग शुरू हो गई। साढ़े ग्यारह बजे बिजली आई और फिर तीन बजे गुल हुई तो पांच बजे के बाद आई। बिजली न आने से पानी का संकट भी लोगों को झेलना पड़ा।
बिजली की अंधाधुंध कटौती की जा रही है। शेड्यूल तो कोई रहा ही नहीं। कब बिजली आएगी और कब जाएगी कुछ कहा नहीं जा सकता। सुबह से शाम तक कई दफा होता है आना जाना। दिन तो किसी तरह कट भी जाता है रात को तो हालात बेहद खराब होते हैं। पहले ग्यारह बजे बिजली गुल होती है। बारह बजे के बाद ही आती है। रात को कई दफा होता है आना जाना। परेशान लोग बिजली का इंतजार ही करते रहे हैं। बढ़ते संकट से लोगों में भी गुस्सा पनप रहा है। कभी भी फूट सकता है आक्रोश। प्रशासन ने भी बिजली आपूर्ति का समय बढ़ाने के लिए मुख्यालय को पत्र लिखा है। कहा गया है कि लड़खड़ाई आपूर्ति कानून व्यवस्था का सवाल बन सकती। तमाम संगठन इस मुद्दे पर आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने भी उग्र आंदोलन चलाने की चेतावनी दी है। बृहस्पतिवार को भी शहर के कई इलाकों में बिजली का संकट रहा।