मिर्जापुर। गंगा बचाओ अभियान के तहत विभिन्न संगठनाें ने शुक्रवार को विंध्याचल में रैली निकालकर लोगों को गंगा के प्रति जागरूक किया। गंगा की अविरलता और निर्मलता के लिए जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों से गंगा की पवित्रता बनाए रखने के लिए प्रार्थना की गई। रैली के दौरान लोग स्लोगन लिखी तख्तियां लिए नारेबाजी करते हुए चल रहे थे।
मोक्षदायिनी मां गंगा सेवा समिति विंध्याचल के बैनर तले विंध्य श्री गंगा पूजन समिति, मां गंगा सेवा समिति, वीर एकलव्य समाजोत्थान सेवा समिति, सर्वोत्थान सेवा समिति, भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के संयुक्त सहयोग से बरतर तिराहे से जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल विभिन्न संगठनाें के लोग गंगा बचाओ अभियान के तहत विविध प्रकार की नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। रैली बरतर तिराहे से शुरू होकर बंगाली चौराहा, स्टेट बैंक चौराहा, निहुत महावीर से पुरानी वीआईपी मार्ग तक गई। बांध खोलो या बांध तोड़ो मां गंगा का पानी छोड़ो..तथा हम सबकी यही है नारा, बहती रहे मां गंगा की धारा..आदि की नारेबाजी करते हुए लोग चल रहे थे। रैली का समापन मां चामुंडा देवी मंदिर पर किया गया, जहां आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे। रैली व गोष्ठी के मुख्य अतिथि संदीप उपाध्याय ने कहा कि गंगा की पहचान न खोने पाए इसके लिए हमें हर प्रकार से सार्थक प्रयास करने चाहिए। विंध्याचल के तारा चंद्र उर्फ बंटी गुप्ता ने कहा कि गंगा की निर्मलता और अविरलता को बरकरार रखने के लिए समाज के सभी वर्ग के लोगों को जागरूक होना होगा। रामलाल साहनी ने लोगों से अनुरोध किया कि वह गंगा में प्रदूषित वस्तुआें को न बहाएं। शहंशाह चौधरी ने मांग किया कि रामगया घाट पर शव दाह संस्कार के लिए एक निश्चित स्थान तय किया जाए।
अखिल मित्तल मझवार ने कहा कि नदी, नाव एवं नाविक का अस्तित्व तब तक है जब तक मां गंगा की धारा बहती रहेगी। गोष्ठी को शिवराम शर्मा, मनीष सिंह, अनिल मिश्र ने भी संबोधित किया। इस दौरान शिवकुमार, प्रदीप निषाद, जगन्नाथ साहनी, धीरज, साजन, धर्मेंद्र साहनी, आनंद, पिंटू लाल, भैरो प्रसाद, बसंत लाल, दिनेश, मोनू, विजेंद्र, महेंद्र शर्मा, आलोक, राहुल साहनी, नारायण साहनी, अर्जुन साहनी आदि उपस्थित रहे।