मिर्जापुर। डबल मर्डर केस की एकमात्र चश्मदीद चार साल की मानसी को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। सीजेएम कोर्ट में पेश की गई मानसी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने एसीजेएम प्रथम के न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए भेजा। वहां पर मानसी का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज हुआ।
देहात कोतवाली क्षेत्र के खजुरी गांव में हुए डबल मर्डर कांड में पुलिस को बुधवार को कोर्ट में मानसी का बयान दर्ज कराने के साथ ही पहली कामयाबी मिली है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसी के चाचा जालंधर को बुधवार को नामजद कर लिया गया है। पुलिस जल्द ही फरार जालंधर को गिरफ्तार कर लेगी।
बताते चले कि देहात कोतवाली क्षेत्र के खजुरी गांव में सोमवार की देर रात उदय 28 वर्ष पुत्र रामखेलावन बिंद व उसकी पत्नी माया बिंद की फरसे से काट कर हत्या कर दी गई थी। उदय की चार वर्षीय पुत्री मानसी ने अपने चाचा को माता पिता की हत्या करते हुए देख लिया था। उसका बयान दर्ज करने के लिए पुलिस ने उसे बुधवार को एसीजेएम न्यायालय में पेश किया। वहां पर बंद कमरे में उसका बयान दर्ज किया गया। मानसी का बयान कलमबंद होने के बाद पुलिस भी अब खुलकर फ्रंट पर आ गई है। पुलिस ने सबसे पहले जालधंर का नाम हत्यारोपी में डाला। मानसी को कोर्ट में पेश करने से पहले तक पुलिस इस मामले में अज्ञात का नाम दर्ज कर चल रही थी।