फिर 300 से नीचे आया एक्यूआई
- अभी सुबह-शाम दिख रहा है स्मॉग, बदल रहा है मौसम
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। शुक्रवार को मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 305 पर पहुंच गया था। वहीं शनिवार को थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि अभी भी सुबह और शाम के समय स्मॉग छाया हुआ है। आने वाले दिनों में फिर से एक्यूआई बढ़कर 300 पार पहुंच जाएगा।
शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़ने के बाद शनिवार को कम हो गया, लेकिन अभी भी मेरठ का एक्यूआई खराब श्रेणी मेें ही चल रहा है। वायु गुणवत्ता सूचकांक 250 दर्ज किया गया। एनसीआर में खराब हो रही हवा में थोड़ा सुधार हुआ है। इसके अलावा शहर में भी सबसे ज्यादा जयभीमनगर प्रदूषित रहा है। यहां का एक्यूआई 293 पर पहुंच गया है। जबकि पल्लवपुरम 214, गंगानगर 149 और बेगमपुल का 282 दर्ज किया गया।
दिन-रात का तापमान बढ़ा, बदला-बदला है मौसम
मोदीपुरम। वेस्ट यूपी में मौसम काफी बदल रहा है। हवा की रफ्तार शनिवार को फिर से बढ़ गई। जिस कारण मौसम बदला-बदला सा दिखा। सुबह के समय छाया स्मॉग जल्दी ही हट गया। शनिवार को दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है।
शनिवार को सुबह के समय स्मॉग था, लेकिन दिन में तेज धूप और हवा के चलने से स्मॉग जल्दी हट गया। दिन में धूप के बावजूद ठंड का असर बना हुआ था। अब सुबह और शाम के समय ठंड का असर तेज हो रहा है। रात के समय भी मौसम में नमी बढ़ती जा रही है। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि अभी तापमान में उतार चढ़ाव का दौर बना रहेगा। ठंड में भी इजाफा हो रहा है। रात का तापमान सामान्य से कम है और आगे भी कम रहने के आसार हैं। दिन का तापमान भी जल्द ही 25 डिग्री से नीचे आएगा। जिस कारण से ठंड में इजाफा होगा।