घोसी। बहुजन समाज पार्टी की घोसी विधानसभा इकाई की बैठक नगर स्थित पार्टी कार्यालय पर हुई। जिसमें जिले की नगर पालिका और नगर पंचायतों के लिए अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों का विवरण लेने के साथ निकाय चुनाव में पार्टी की रणनीति पर विचार हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए जोनल कोआर्डिनेटर मदन राम ने कहा कि जो पार्टी के सदस्य हैं और पार्टी की नीतियों में विश्वास करते हैं। निकाय चुनाव में वही प्रत्याशी हाेंगे। बसपा बिना सिंबल के ही चुनाव लड़ेगी और जीत सुनिश्चित करेगी। सपा से जुड़े लोगों की गुंडई से आमजन का मोह अब सपा सरकार से भंग हो गया है। जनता बसपा की ओर फिर से आशा भरी निगाहों से देख रही है। मौके पर सांसद दारा सिंह ने कहा कि, प्रदेश में जंगलराज कायम हो गया है। चारों तरफ अराजकता व्याप्त हो गई है। निकाय चुनाव में पार्टी को सफलता मिलना तय है। सभी कार्यकर्ता जी-जान से निकाय चुनाव में लग जाएं। इस अवसर पर, जिलाध्यक्ष भीम राजभर, शेषनाथ, फैज आलम खां, अफजाल अंसारी, हाजी इरफान, देवेंद्र चौहान, राजु जौहरी, रवींद्र गुप्ता, छविनाथ शर्मा, रामाश्रय, मुन्ना गुप्ता, राजन गुप्ता आदि थे।