मऊ। मंगलवार का दिन बेतहाशा गरम रहा। दोपहर 11 बजे से तीन बजे तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जाने के चलते आसमान आग बरसाता रहा। लोग लू के थपेड़े और धूप से बचने के लिए या तो घरों में दुबके रहे या फिर कहीं छांव खोजी। घरों में बिजली की आंखमिचौली ने महिलाओं और बच्चों को परेशान रखने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।
मई माह का चौथा सप्ताह बेहद गरम साबित हो रहा है। सुबह 11 बजे के बाद से ही बेतहाशा गर्मी पड़नी शुरू हो जा रही है। लोगों का दोपहर में घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जा रहा है। प्रमुख सड़कों पर भी इकका-दुक्का लोग ही नजर आए। जिन सार्वजनिक स्थानों पर हमेशा भीड़ रहा करती थी वहां भी ठेले खोमचे वाले किसी तरह छांव की व्यवस्था करके टिक पा रहे हैं। गर्मी से बचने के लिए लोग तरह तरह के उपाय कर रहे हैं लेकिन वह नाकाफी साबित हो रहा है। पुरुष जहां गमझा और रुमाल भिगोकर धूप से बचने का रास्ता ढूंढ रहे हैं, वहीं महिलाएं एवं लड़कियां तो धूप से बचने के लिए दुपट्टे, हैंड ग्लब्स आदि का सहारा ले रही हैं। शहर के प्रमुख स्थान रोडवेज, रेलवे स्टेशन, मिर्जाहादीपुरा, भीटी चौक पर भी सन्नाटा पसरा रह रहा है। मंगलवार का दिन तो काफी गरम साबित हुआ। दोपहर लगभग एक बजे तापमान ज्योंही 45 डिग्री सेल्सिएस पर पहुंचा जैसे लगा आग बरस रही है।
हालांकि इसके बाद तापमान धीरे धीरे नीचे आने लगा और शाम होते होते लोगों ने राहत की सांस ली। उधर, घरों में बैठे लोग पंखा, कूलर और एसी के लिए तरस गए। बिजली की हालत यह रही कि अधिकांश स्थानों पर वोल्टेज अधिक और कम हाने का क्रम दिन भर जारी रहा। वहीं बार बार बिजली कटती भी रही। शाम सात बजे के बाद बिजली आई तो लोगों को सुचारु रूप से विद्युत आपूर्ति मिल पाई। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर को तापमान अधिक हो जा रहा है। इसके बढ़ने का सिलसिला जारी है।