मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अल्लीपुर गांव के पुलिया के पास रविवार की सुबह अनियंत्रित बाइक सवार की सड़क के किनारे खाईं मेें गिरने से मौत हो गई। वह अपनी पत्नी को मायके छोड़कर घर लौट रहा था। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
भातकोल निवासी 21 वर्षीय विजय चौहान पुत्र भगेलू शनिवार को अपनी पत्नी को उसके मायके कोपागंज थाना क्षेत्र के सरवां में छोड़ने के लिए आया था। रविवार की सुबह वह घर वापस आने के लिए बाइक लेकर निकला। ज्यों ही अल्लीपुर पुलिया के पास पहुंचा, गति तेज होने के चलते मोड़ पर अपना नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते पास में ही सड़क केे किनारे खाईं में बाइक समेत गिर गया। बाइक से दब जाने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई जिसके कारण घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए लेकिन पास जाकर वे सन्न रह गए। पाकेट में मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान हुई। परिजनों को स्थानीय लोगोेेेें ने ही घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही घर पर कोहराम मच गया। पुलिस भी मौके पर पहुुंच गई। उधर, युवक के ससुराल में भी घटना की जानकारी होते ही कोहराम मच गया। पत्नी का रोते-रोते बुरा हाल है। हाल में ही युवक की शादी हुई थी।