मऊ। ‘मंजिल उनको मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, पंख होने से कुछ नहीं होता है हौसले से उड़ान होती है’ इसे सच साबित किया है जनपद के लाडलों ने। आईआईटी जेईई प्रवेश परीक्षा में जगह बनाकर देश में जनपद का परचम फहराया है। इनकी कामयाबी पर लोगों में हर्ष का माहौल है। परिजनों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
नगर के निजामुद्दीनपुर निवासी नवीन कुमार त्रिपाठी पुत्र विनोद कुमार त्रिपाठी ने आईआईटी में 5252 रैंक हासिल किया है। नवीन कुमार त्रिपाठी ने 10वीं और 12वीं लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल से क्रमश: 2009 और 2011 मेें उत्तीर्ण किया। पहले प्रयास में सफलता नहीं मिली। मम्मी पापा ने हौसलाफजाई की। मेहनत रंग लाई और सफलता मिल ही गई। नवीन ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने पापा विनोद कुमार त्रिपाठी तथा मम्मी राजमति त्रिपाठी को दिया है। पापा काटन मिल में हेड क्लर्क रह चुके हैं। मम्मी प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापिका हैं। इसी क्रम में नगर के बलिया मोड़ स्थित ब्रजबिहारी कालोनी निवासी अजीत यादव पुत्र चंद्रिका यादव ने आईआईटी में 4806 रैंक पाकर जनपद का गौरव बढ़ाया है। इसी क्रम में नगर के इमिलिया हंस नगर कालोनी निवासी पीयूष राय पुत्र अखिलेश राय ने आईआईटी में 4090 रैंक हासिल किया है। इसी तरह नगर के निजामुद्दीनपुरा बाल निकेतन निवासी अंकित श्रीवास्तव पुत्र संजय श्रीवास्तव ने आईआईटी में 6300 रैंक हासिल किया है।
कोपागंज संवाददाता के अनुसार कोपागंज कस्बा के नयापुरा निवासी इंजमामुल हक पुत्र मुख्तारुलहक ने आईआईटी में जनरल में 1753, ओबीसी में 199 और माइनारिटी में नौवां स्थान हासिल किया है। इंजमामुल हक ने 10वीं फातिमा स्कूल तथा 12वीं लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल से उत्तीर्ण किया है। इसी क्रम में कोपागंज ब्लाक के चेलाराम का पुरा निवासी रजत प्रकाश मिश्र पुत्र तेज प्रकाश मिश्र 7791 वां रैंक हासिल किया है। मधुबन संवाददाता के अनुसार फतहपुर मंडाव ब्लाक के लालनपुर गांव निवासी कुंवर अखिलेंद्र प्रताप सिंह पुत्र अश्विनी कुमार सिंह ने आईआईटी मेें सामान्य वर्ग मेें 17201 और ओबीसी में 3194 रैंक हासिल कर अपने गांव का नाम रोशन किया है। कुंवर अखिलेंद्र ने अपनी सफलता का श्रेय अपने चाचा दिग्विजय सिंह को दिया है। चाचा इंजीनियर हैं। सभी का वैज्ञानिक बनाने का सपना है। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि यदि कड़ी मेहनत व लक्ष्य बनाकर तैयारी की जाए तो सफलता मिलना निश्चित है।