मैनपुरी। गणतंत्र दिवस जनपद भर में धूमधाम से मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। वहीं खादी आश्रम पर राष्ट्रीय ध्वज की खूब बिक्री हुई। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों और प्रतिष्ठानों के अलावा आम लोगों ने भी आवासों पर फहराने के लिए राष्ट्रीय ध्वज खरीदे।
पुलिस लाइन पर होने वाली परेड के लिए पुलिस और पीएसी के जवानों ने अंतिम रिहर्सल की। इस परेड की सलामी डीएम विजय विश्वास पंत लेंगे। गणतंत्र दिवस पर प्रात: 7.30 बजे डीआईओएस और बीएसए के संयोजकत्व में नगर पालिका से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रात: 8.30 बजे समस्त विभागाध्यक्षों के संयोजकत्व में समस्त सरकारी, अर्द्ध सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों एवं प्रतिष्ठानों पर ध्वजारोहण, राष्ट्रीय गान तथा सामूहिक प्रतिज्ञा, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रात: नौ बजे राजकीय स्टेडियम में पांच किमी दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रथम छह विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रात: 9.30 बजे से पुलिस लाइन ग्राउंड पर भव्य पुलिस परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रात: दस बजे समस्त शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण, राष्ट्रीय गान, राष्ट्रभक्ति से प्रेरित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे जिला अस्पताल में फल वितरण, रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। दोपहर दो बजे आरसी कन्या इंटर कालेज में वाद-विवाद, पोस्टर, व्याख्यान प्रतियोगिता का आयोजन होगा। तीन बजे से आरसी कन्या इंटर कालेज में कई कार्यक्रम होंगे। सायं चार बजे उप जिलाधिकारी स्वतंत्रता सेनानियों को उनके घरों पर जाकर सम्मानित करेंगे। सायं सात बजे से नगर पालिका हॉल में पालिकाध्यक्ष साधना गुप्ता के संयोजकत्व में कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय कवियों को सम्मानित भी किया जाएगा।