अमर उजाला ब्यूूरो
लखीमपुर खीरी। बोधगया में हुए सीरियल ब्लास्ट के बाद भी जिले की पुलिस धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं है। शहर सहित जिले के तमाम धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था भगवानभरोसे है। ऐसी स्थिति तब है जब प्रदेश सरकार ने प्रदेश में अलर्ट जारी किया है। अमर उजाला टीम ने सोमवार को जब जिले के धार्मिक स्थलों का मौका मुआयना किया तो कहीं भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं मिले।
जिले के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां कई धार्मिक स्थलों की पौराणिक मान्यता है। यह जिला नेपाल बार्डर से जुड़ा हुआ है। नेपाल से जुड़ी देश की काफी लंबी खुली सीमा है। इसलिए यहां अराजक तत्व नेपाल के रास्ते आसानी से आ सकते हैं। अलर्ट की औपचारिकता भले ही पूरी कर दी गई हो लेकिन कहीं भी सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई।
000
संकटा देवी मंदिर
समय लगभग दिन में 2.00 बजे। नगर का पौराणिक संकटादेवी मंदिर इस मंदिर में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में भक्तगण मां संकटा देवी के दर्शन और पूजा करते हैं। दिन भर मंदिर में भक्तों की भीड़ लगती है, लेकिन प्रवेश द्वार से लेकर मंदिर परिसर तक एक भी सुरक्षा कर्मी नहीं मिला।
000
मेनरोड स्थिति चर्च
समय लगभग दिन में 2.20 बजे। शहर का मेन रोड स्थित चर्च शहर का मुख्य चर्च है। यहां नियमित प्रार्थना होती है। शहर के तमाम लोग इस चर्च में प्रार्थना करने जाते हैं। मेनरोड होने के कारण यहां हमेशा भीड़ रहती है। यहां भी सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी।
000
गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा
समय लगभग दिन में 2.40 बजे। गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा शहर का मुख्य गुरुद्वारा है। वर्ष भर यहां सिख समाज धार्मिक कार्यक्रम करता है। यहां हमेशा श्रद्धालुओं का आना जाना रहता है। प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम होते हैं तथा लंगर चलता है। यहां की सुरक्षा के नाम पर एक जवान तक नहीं था।
000
जामा मस्जिद
समय दिन में लगभग 3.00 बजे। शहर की जामा मस्जिद शहर की मुख्य मस्जिद है। यहां प्रतिदन सैकड़ों लोग नमाज पढ़ते हैं। शहर के बीच में होने के कारण यहां धार्मिक पुस्तकों की दुकानें आदि हैं। मस्जिद के बाहर भी हर समय लोगों की भीड़ रहती है। यहां भी सुरक्षा के कोई प्रबंध नहीं मिले।
000
प्राचीन मंदिर भुइफोरवानाथ
समय दिन में लगभग 3.20 बजे। शहर का सबसे प्राचीन मंदिर भुइफोरवानाथ है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग भगवान शिव व हनुमान जी के दर्शन व पूजा करते हैं। मंदिर के बाहर भी हमेशा भीड़ रहती है। यहां भी सुरक्षा की व्यवस्था नहीं थी।
00000
सुरक्षा को मुस्तैद है पुलिस : एएसपी
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर एएसपी बालेंदु भूषण सिंह ने बताया कि शहर के संकटादेवी मंदिर के पास ही संकटादेवी चौकी है। इसके अलावा धार्मिक स्थल जिस थाना क्षेत्र में है वहां की पुलिस की जिम्मेदारी है। गोला मंदिर के बाहर पुलिए लगा दी गई है पूरे जिले की पुलिस सतर्क है।
2
हाई अलर्ट पर हुई
कई जगह चेकिंग
गोला गोकर्णनाथ। बिहार के बोध गया में हुए सीरियल बम ब्लास्ट के बाद प्रदेश में हाई अलर्ट के बाद रेलवे स्टेशन और प्राचीन शिव मंदिर सहित कई जगहों पर चेकिंग अभियान चलाया गया।
बिहार के बोध गया में हुए सीरियल बम ब्लास्ट से हरकत में आयी कोतवाली पुलिस के एसआई राजेंद्र कुमार शर्मा, आरक्षी मिथलेश मिश्र, शशांक कनौजिया, मोहम्मद नदीम आदि ने शिव मंदिर परिसर, गोकर्णतीर्थ पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं सहित अन्य लोगों पर कड़ी निगरानी रखी। गोला चौकी इंचार्ज राजेश सिंह ने चेकिंग अभियान चलाकर रोडवेज बस स्टैंड और बैंक में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
रेलवे स्टेशन परिसर में जीआरपी चौकी इंचार्ज राजकुमार सिंह के नेतृत्व में आरक्षी सुशील कुमार सिंह, उमेश सिंह, संजय भार्गव ने यात्रियाें के सामान की चेकिंग की।