बसपा सरकार में 150 सपाइयों पर दर्ज किए गए थे 60 मुकदमे
पार्टी महासचिव, जिलाध्यक्ष सहित कई पूर्व विधायक भी शामिल
जिलाध्यक्ष ने सीएम को सौंपी मुकदमों की सूची
लखीमपुर खीरी। बसपा सरकार के कार्यकाल में यहां सपा राष्ट्रीय महासचिव रवि प्रकाश वर्मा, कई विधायकों, पूर्व विधायकों सहित करीब डेढ़ सौ सपाइयों पर विभिन्न धाराओं में दर्ज कराए गए 60 मुकदमों को वापस कराने की कवायद शुरू कर दी गई है। जिलाध्यक्ष शशांक यादव मुकदमों का विवरण तैयार कर दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सौंप चुके हैं।
जिले के तिकुनियां निवासी सपा के कर्मठ एवं जुझारू युवा नेता प्रभात गुप्ता की हत्या के विरोध में जिले में सपाइयों ने प्रदर्शन किया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और जाम भी लगाया था। इस मामले में सांसद रवि प्रकाश वर्मा, जिलाध्यक्ष शशांक यादव, सयुस नेता अनुराग पटेल, तत्कालीन विधायक अरविंद गिरि (अब कांग्रेस में), धीरेंद्र बहादुर सिंह के अलावा चंद्रकांती और ममता शुक्ला के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
इसी तरह वर्ष 2008 में सपा के डेरा डालो, घेरा डालो आंदोलन के दौरान भी तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती का पुतला फूंकने पर तथा वर्ष 2010 में प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करने पर विधायक कृष्ण गोपाल पटेल सहित कई सपा नेताओं पर मुकदमे दर्ज कराए गए थे। इसके अलावा कई सपा कार्यकर्ताओं पर करीब 18 मुकदमे दलित एक्ट के भी दर्ज कराए गए। कुल मिलाकर करीब डेढ़ सौ सपा कार्यकर्ताओं पर करीब 60 मुकदमे विभिन्न धाराओं में दर्ज हैं।
प्रदेश में सपा सरकार के गठन के बाद बसपा सरकार में उत्पीड़न के उद्देश्य से दर्ज कराए गए इन सभी मुकदमों को वापस लेने की कवायद यहां के सपाइयों ने शुरू कर दी थी। सपा जिलाध्यक्ष शशांक यादव ने बताया कि हाईकमान से बसपा सरकार में दर्ज कराए गए मुकदमों को वापस लेने संबंधी संकेत मिलने के बाद उन्होंने मुकदमों की सूची मुख्यमंत्री को सौंप दी है।