85 फीसदी झुलसी, लखनऊ रेफर
लखीमपुर खीरी। नीमगांव थाना क्षेत्र ग्राम बेलहरी में पति की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर एक गर्भवती महिला ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा आत्महत्या का प्रयास किया। झुलसी महिला को यहां जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है जहां उसकी दशा गंभीर बनी हुई है।
मितौली थाना क्षेत्र के ग्राम ओदारा निवासी सुशील मिश्रा ने बताया कि उसने अपनी बहन मीरा (30) का विवाह करीब 10 साल पहले नीमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बेलहरी निवासी अशोक शुक्ला के पुत्र संदीप कुमार के साथ किया था। आरोप है कि विवाह के समय से ही संदीप उसे दहेज के लिए परेशान करता था। इस बीच उसकी एक बेटी गुड्डी भी हुई, जो अब पांच साल की है। महिला के भाई सुशील का आरोप है कि पुत्री होने के बाद उसके बहनोई संदीप ने मीरा पर और अधिक जुल्म ढाना शुरू कर दिया। अक्सर संदीप नशे में घर पहुंचता तथा मीरा के साथ मारपीट करता। खाने तक को उसे ठीक से नहीं देता। इससे परेशान होकर मीरा ने शनिवार रात खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। परिवार वालों ने उसे गंभीर दशा में यहां जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। चिकित्सकों के मुताबिक महिला 85 फीसदी जली हुई है। वह करीब सात माह की गर्भवती भी है। जिससे उसकी दशा गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही उसकी गंभीर दशा को देखते हुए लखनऊ केजीएमसी रेफर किया है।