खमरिया। ईसानगर में पति से विवाद के बाद एक विवाहिता ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
थाना ईसानगर क्षेत्र के ग्राम मटहिया निवासी संतराम का एक वर्ष का बच्चा कुछ दिनों से बीमार चल रहा है। इसी को लेकर शुक्रवार को संतराम और उसकी 22 वर्षीय पत्नी शशि में कुछ कहासुनी हो गई थी। इसके बाद संतराम बेटे की दवाई लेने खमरिया चला आया। इस बीच उसकी पत्नी शशि ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है।
00000
अलग अलग विवाद में चार लोग घायल
खमरिया। थाना क्षेत्र ईसानगर में अलग-अलग हुई मारपीट की घटनाओं में चाकू व गोली लगने से चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी खमरिया लाया गया जहां से एक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
थाना ईसानगर के गांव गोपालापुर में मथुरा और उसके पड़ोसी में विवाद हो गया। मथुरा दिनेश पर बल्ब चोरी करने का आरोप लगा रहा था। इस दौरान मंडूरा निवासी दिनेश के बहनोई मुन्नीलाल ने मथुरा को चाकू मारकर घायल कर दिया। यह देख मथुरा का चचेरा भाई रामगोपाल भी वहां आ गया तो मुन्नीलाल ने उसको दौड़ाकर तमंचे से फायर मार दिया। घायल राम गोपाल को सीएचसी खमरिया लाया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा थाना ईसानगर क्षेत्र के ग्राम टेड़िया में जसकरन व राम भूलन के बीच रास्ते को लेकर विवाद हो गया। इसमें दूसरे पक्ष के लोगों ने जसकरन को बांका मारकर तथा उसके भतीजे बृज बिहारी को लाठी डंडा मार कर घायल कर दिया है। इस दोनों को इलाज के लिए सीएचसी खमरिया लाया गया है।