लखीमपुर खीरी। स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर भाजपा से आए पर्यवेक्षक ओपी मिश्रा ने मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी टिकट के दावेदारों के नामों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि वह दावेदारों का एक पैनल बनाकर प्रदेश नेतृत्व को सौंपेंगे।
भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक ओपी मिश्रा ने कहा कि पार्टी निकाय चुनाव को लेकर पूरी तरह गंभीर है। कांग्रेस के भ्रष्टाचार व सपा के कुशासन से ऊब चुकी जनता अब भाजपा की तरफ देख रही है। कार्यकर्ताओं की एकजुटता के बल पर निकाय चुनाव में कमल खिलेगा।
जिला संयोजक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी जिसका भी नाम तय करेगी जिले के कार्यकर्ता पूरी ताकत से उसे जिताएंगे। भाजपा नेता विनोद मिश्रा ने कहा कि भाजपा अनुशासित पार्टी है। टिकट घोषित होते ही सभी उसे विजयी बनाने में जुट जाएं।
पूर्व जिलाध्यक्ष शरद बाजपेयी ने कहा कि समय व परिस्थितियां भाजपा के अनुकूल हैं बस जरूरत है जनता के बीच कार्यकर्ता पूरी लगन से काम करें। बैठक को इंद्रजीत यादव, अनूप शुक्ला, उमेश मिश्रा, नीरू पुरी, डॉ. इरा श्रीवास्तव, रमेश चंद्र मिश्रा, सुनील सिंह, राजेश सिंह, विजय शुक्ला रिंकू, अरविंद सिंह संजय, अरविंद गुप्ता, मीरा गुप्ता, सुधा शर्मा व आशा रस्तोगी ने भी संबोधित किया।
बाद में पर्यवेक्षक ओपी मिश्रा, गोडा के जिला महामंत्री चंद्र प्रकाश शुक्ला, जिलाध्यक्ष गोंडा डॉ. दिनेश पांडे ने बंद कमरे में जिले के कार्यकर्ताओं से एक-एक कर उनकी राय सुनी और दावेदारों का एक पैनल तैयार किया।
अशोक निगम