पलियाकलां (नेटवर्क)। बसही जंगल में शिकार करने को घुसे दस अज्ञात नेपाली शिकारियों के विरुद्ध रेंजर संपूर्णानगर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। नेपाली शिकारियों की जंगल में छोड़ी गई भरुवा बंदूक को पुलिस ने सीज कर दिया है।
बुधवार को नेपाल सीमा के बसही जंगल में अवैध शिकार के इरादे से घुसे दस नेपाली शिकारियों को देखकर वनकर्मियों ने एसएसबी की मदद से उन्हें घेर कर ललकारा था। जिसके बाद वे एक अवैध भरुआ बंदूक जंगल में छोड़कर फरार हो गए थे। जिसे एसएसबी जवानों ने अपने कब्जे में लेकर रेंजर संपूर्णानगर को सौंप दिया था।
संपूर्णानगर रेंज आफीसर जेबी सिंह ने गुरुवार को संपूर्णानगर थाने में उक्त बंदूक सौंप कर दस अज्ञात नेपाली शिकारियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम और वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस ने बंदूक सील कर दी है।