युवती की मौत, युवक अस्पताल में भर्ती
मामूली सी कहासुनी बनी बड़ी वजह
महेवागंज खीरी। फूलबेहड़ में कहासुनी के बाद एक विवाहिता के आग लगाकर जान देने के बाद उसके पति ने घर के पीछे पेड़ के सहारे फांसी लगा ली। हालांकि ग्रामीणों ने उसे बचा लिया। एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां उसे भर्ती कराया गया है।
ग्राम सरवा मजरा सुथरी निवासी 32 वर्षीय बच्चू दुबे मंगलवार को किराए का पंपिंग सेट लेकर खेत की सिंचाई करने गया था। शाम को वापस लौटा तो पंपिंग सेट वाले को देने के लिए अपनी पत्नी गीता से रुपये मांगे। इस पर दोनों में कुछ कहासुनी हो गई। बच्चू पशुओं को पानी पिलाने चला गया, तभी गीता ने कमरे को अंदर से बंदकर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो बच्चू भी आ गया। सभी ने कमरा खोलने का प्रयास किया। कमरा नहीं खुला तो दरवाजे को काट डाला, लेकिन तब तक गीता की मौत हो चुकी थी।
इससे आहत बच्चू भी रात में घर के पीछे लगे पेड़ में रस्सी से लटक गया। उसे किसी ने देखकर शोर मचा दिया तो ग्रामीण दौड़कर आ गए। ग्रामीणाें ने आनन फानन-फानन रस्सी काट दी। बेहोशी की हालत में उसे एक प्राइवेट डाक्टर के यहां भर्ती कराया है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने गीता के शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।