आसमान से बरसी आग, जनजीवन अस्तव्यस्त
सड़कों और बाजारों में पसरा सन्नाटा
लखीमपुर खीरी। गर्म लू के थपेड़ों ने बुधवार को जनजीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त कर दिया। सुबह से गर्म पछुआ हवाओं का प्रकोप शुरू हो गया था। जो पूरे दिन जारी रहा। धूप भी आज और दिनों की अपेक्षा काफी तेज रही। इसके लोग दिनभर गर्मी से बिलबिलाते रहे। लोगों का सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया।
बुधवार को सुबह से ही धूप काफी तेज रही। लू चलने का सिलसिला भी सुबह शुरू हुआ तो देर शाम ही थमा। इस बीच कड़ी धूप से धरती तपने लगी। सड़कों पर चलना तक मुश्किल हो गया। गर्म हवा चेहरे को नहीं पूरे शरीर को झुलसा रही थी। इसके चलते बाहर निकलने वाले लोग पूरी तरह अपने शरीर को कपड़ों से ढक कर निकले। इसके बावजूद सूरज की तपिश से बचने के लिए लोगों को छाते का सहारा लेना पड़ा।
गर्मी और लू के कारण बुधवार को सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। लोग या तो घरों में दुबके रहे या अपने कार्यस्थल पर पहुंचने के बाद वहीं के होकर रह गए। कलक्ट्रेट, तहसील, दीवानी न्यायालय में काम से आने वाले लोग पेड़ों की छाया ढूंढते नजर आए। पक्के मकान इतनी बुरी तरह तप रहे थे कि लोगों का उनमें बैठ पाना तक मुश्किल हो गया।
इंसेट.....
मंगल से भी गर्म रहा बुधवार का दिन
बुधवार को तापमान में और बढ़ोत्तरी हुई। अधिकतम तापमान 43.03 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सबसे ज्यादा परेशानी रिक्शा चालकों और मजदूर तबके के लोगों को उठानी पड़ी। उन्हें कड़ी धूप और गर्म लू के थपेड़ों को झेलते हुए काम करना पड़ा।
इंसेट......
कामकाज रहा प्रभावित
भीषण गर्मी के कारण लोगों का काम करना मुश्किल हो गया। इसके चलते सरकारी और गैर सरकारी दफ्तरों में कामकाज बुरी तरह प्रभावित रहा। बिजली के पंखे चलने के बावजूद लोगों को हाथ के पंखे का सहारा लेना पड़ा। लोग कुछ देर काम करते फि र बाहर निकल कर ताजी हवा लेने का प्रयास करते लेकिन किसी को भी ठंडी हवा का एक झाेंका तक मयस्सर नहीं हुआ।
इंसेट......
परेशान हुए मरीज और तीमारदार
गर्मी के कारण सबसे ज्यादा परेशानी अस्पताल में मरीजों और उनके तीमारदारों को हुई। दिन में कई बार बिजली गायब रहने से जिला अस्पताल और महिला अस्पताल के मरीजों को काफी दिक्कत उठानी पड़ी। तीमारदार मरीजों को पंखा झलते नजर आए। अस्पताल परिसर में छायादार जगह की कमी होने के कारण तीमारदारों को बरामदे में बैठ कर लू के थपेड़े झेलने पर मजबूर होना पड़ा।
इंसेट....
लू की चपेट में आए सैकड़ों लोग
कड़ी धूप और गर्म लू के थपेड़ों की चपेट में आकर सैकड़ों लोग बीमार हो गए। जिला अस्पताल के डाक्टरों के मुताबिक बुधवार को लू लगने के मरीजों में एकाएक इजाफा हुआ। प्राइवेट चिकित्सक डॉ. प्रभात मालवीय ने भी बताया कि बुधवार को लू लगने के तमाम मरीज उनके पास आए हैं।