न घर में चैन मिला न बाहर, मौसम का सबसे गर्म दिन
लखीमपुर खीरी। आग उगलती सड़कें और शोले बरसाते सूरज ने धरती को भट्ठी बनाकर रख दिया। मंगलवार मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। भीषण गर्मी और तेज धूप से लोग बिलबिला उठे। दिन भर सड़कोें पर सन्नाटा पसरा नजर आया। जो बाहर निकला वह थोड़ी-थोड़ी देर बाद छाया और पानी तलाशता दिखा। बिजली गायब रहने से लोग भट्ठी से तपते घर में उबलने पर मजबूर हुए।
मंगलवार को सुबह से ही गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया था। जैसे जैसे दिन चढ़ता गया, सूरज की तपिश बढ़ती गई। ऊपर से गर्म पछुआ हवाओं ने आग में घी का काम किया। लोगों को कड़ी धूप और भीषण गर्मी में अपने काम पर निकलना पड़ा। लेकिन ठिकाने पर पहुंचने के बाद कोई बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सका। जो जहां था वहीं दुबक कर रह गया। दिन में बिजली न रहने से पक्के मकान कुकर बनकर रह गए। घर में घुटन और बाहर सूरज की तपन से लोग बेहाल हो उठे। न घर में चैन था न बाहर। पुरुष तो किसी तरह काम पर निकल गए लेकिन महिलाओं को बेहद परेशानी उठानी पड़ी। महिलाओं और बच्चों का दिन भर हाथ का पंखा झलते बीता। बाजार और दफ्तरों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। आसपास लोग पेड़ों की छांव ढूंढते नजर आए। इसके बावजूद लोग एक ठंडे झोंके को तरस गए। लोगों को न घर में चैन मिला और न ही बाहर।
इंसेट.....
आज मौसम का सबसे गर्म दिन, पारा उछला
मंगलवार का दिन इस गर्मी के मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। आज अधिकतम तापमान उछलकर 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अब तक 42 डिग्री से अधिक तापमान किसी दिन नहीं रहा था। ऊपर से गर्म पछुआ हवाओं ने गर्मी में और बढ़ोत्तरी की।
इंसेट....
बूंद-बूंद पानी को तरस गए राहगीर
जिले के दूरदराज गांवों से शहर में आये काम के लिए आने वाले हजारों लोग बूंद-बूंद पानी को तरस गए। लोगों का गर्मी और कड़ी धूप के चलते गला सूख रहा था। गला तर करने के लिए लोग इधर उधर हैंडपंप तलाश करते फिरे। ज्यादातर हैंडपंप खराब होने से लोगों को शहर में इक्का दुक्का लगे प्याऊ पर लोगों को प्यास बुझानी पड़ी। यह प्याऊ उन हजारों लोगों की प्यास बुझाने में नाकाफी साबित हुए।
इंसेट....
गर्मी में बिजली कटौती ने खूब रुलाया
बिजली कटौती ने गर्मी में दाद में खाज का काम किया। दिन भर बिजली गायब रही। इससे लोगों को बेहद परेशानी उठानी पड़ी। दिनभर घरों और दफ्तरों में बैठना मुश्किल हो गया। सबसे ज्यादा परेशानी अस्पताल में मरीजों को उठानी पड़ी। मरीज और तीमारदार हवा और पानी दोनों के लिए तरस गए।
इंसेट.....
गर्मी से बीमार हुए सैकड़ों लोग
भीषण गर्मी से सैकड़ों लोग बीमार हो गए। कोई डीहाइड्रेशन का शिकार हुआ तो कोई लू की चपेट में आकर। सोमवार को अस्पतालों और प्राइवेट डाक्टरों के यहां मरीजों की लाइन लगी रही। बाहर से आने वाले कई लोगों को बीमार होने के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।