मछेछा में पुलिस पिकेट का लोकार्पण, थाना कार्यालय का उद्घाटन
पसगवां। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा जनता के मध्य दूरी कम हो। प्रशासन तथा जनता में सीधा संवाद हो। समस्याओं का समाधान हो तभी हो सकता है।
जिलाधिकारी ग्राम मछेछा में पुलिस पिकेट का लोकार्पण तथा थाना पसगवां परिसर में कार्यालय का उद्घाटन के बाद नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि वे रुचि लेकर समस्याओं की सूचना का परीक्षण कर समय पर नियमानुसार कार्रवाई कर समस्या का समाधान करें।
उन्होंने जनता से कहा कि भ्रष्टाचार में अंकुश के लिए सूचना दें। क्षेत्र में एक डिग्री कालेज के निर्माण कराए जाने की बात कही। तहसील दिवस में शिविर लगाकर समस्याओं का समाधान किया जाएगा। आय, जाति, विकलांग प्रमाणपत्र आदि शिविर में बनाए जाएंगे। शासन की योजनाओं की जानकारी भी तहसील दिवस के माध्यम से दी जाएगी। प्रधानों को भी तहसील दिवस में बुलाए जाने की योजना है।
अपर जिला जज अल्ला रक्खा ने कहा कि इस जिले में महिला उत्पीड़न के मामले घर के अंदर तथा घर के बाहर ज्यादा हैं। महिला उत्पीड़न के मामलों को हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने की बात भी कही। पुलिस अधीक्षक राजेंद्र सिंह ने कहा कि जनता पुलिस की सूचना तंत्र है, जनता के सहयोग के बिना अपराध नियंत्रण संभव नहीं है। सीओ आरएस गौतम ने हर्ष फायरिंग न करने तथा पुलिस जनता के सामंजस्य पर बल दिया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सौमित्र यादव, एसडीएम मंशाराम, प्रभारी निरीक्षक मोहम्मदी वीरेंद्र कुमार, जिलाध्यक्ष शशांक यादव, विधानसभा मोहम्मदी सपा अध्यक्ष रामकैलाश यादव ने भी संबोधित किया। थानाध्यक्ष राम अवतार यादव ने आगंतुकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस मौके पर जमीर अहमद, इब्बन अली, कदीर खां, प्रदीप बाजपेई, सुरेश गुप्ता, विवेक शुक्ला सहित तमाम लोग मौजूद रहे।