फूलबेहड़, फरधान और मैलानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुर्घटनाएं
लखीमपुर खीरी। जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है। दुर्घटनाएं फूलबेहड़, फरधान और मैलानी थाना क्षेत्र में हुई। मृतकों के घरों में कोहराम मचा है।
फरधान थाना क्षेत्र के कालाआम के पास शुक्रवार की रात जीप और कार में आमने-सामने टक्कर हुई थी, जिसमें 42 वर्षीय सदानंद वर्मा निवासी पिपरा उद्यान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने जीप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
महेवागंज। मजदूरी कर लौट रहे एक साइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताते हैं कि फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गांव पिपरा मरोड़ा नंबर तीन निवासी 45 वर्षीय सूरजभान अंदेशनगर में पल्लेदारी का काम करता था। शुक्रवार रात वह घर लौट रहा था। रोड क्रास करते समय चौराहे के पास दो वाहनों ने उसे टक्कर मार दी और दोनों वाहन चालक फरार हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तीसरी घटना मैलानी थाना क्षेत्र में संसारपुर के पास कठिना नदी पुल पर हुई, जिसमें बाइक चालक 28 वर्षीय इकमत निवासी भरकलीगंज थाना खुटार जिला शाहजहांपुर की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे दो लोग भी मामूली रूप से जख्मी हो गए। बताते हैं कि इकमत बाइक से अपने दो साथियों के साथ घर लौट रहा था कि कठिना नदी पुल के पास कंटेनर ने टक्कर मार दी।