सीएमओ को निरीक्षण में मिली बदहाल व्यवस्था की तस्वीर
बांकेगंज। सीएमओ डॉ. एनएल यादव ने शनिवार दोपहर कस्बा स्थित सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। जहां बदहाल चिकित्सा व्यवस्था की तस्वीर एक बार फिर सामने आई। जहां अस्पताल में बच्चों के टीकाकरण के दौरान आंगनबाड़ी महिला कार्यकर्ता और आशा बहू नहीं मिली तो डॉ. संतोष सिंह ड्यूटी से नदारद मिले।
सीएमओ ने केवल सीएचसी की सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। अस्पताल में एएनएम फार्मासिस्ट का कार्य करते मिला। उन्होंने बताया कि चिकित्सा अधीक्षक से बात कर किसी अन्य कर्मचारी को स्टोर का चार्ज फार्मासिस्ट के आने तक दिया जाएगा। अस्पताल के दो कर्मचारियों आरआर यादव और रत्नी सिन्हा हाजिरी रजिस्टर में मुख्यालय टूर दर्ज कर गैरहाजिर थे। जिसमें सीएमओ ने रत्ना सिन्हा को अनुपस्थित कर दिया। उन्होंने अनुपस्थित डॉक्टर संतोष सिंह से स्पष्टीकरण मांगा है। आंगनबाड़ी महिला कार्यकर्ता के संबध में विभाग से कार्रवाई करने को पत्र लिखा।
निरीक्षण को लेकर यहां स्वास्थ्य सेवाएं लेने वाले तमाम लोगों को ताज्जुब रहा कि डॉ. बी कुमार जो अक्सर अनुपस्थित रहते हैं, निरीक्षण के समय उपस्थित थे। उनसे ही कर्मचारियों के बारे में सीएमओ नेे जानकारी हासिल कर निरीक्षण की औपचारिकता पूरी की।
सीएमओ डॉ. यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान आरआर यादव के बारे में डॉ. बी कुमार ने मुख्यालय भेजे जाने की बात कही लेकिन रत्ना सिन्हा के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।