मौसम का सबसे गर्म दिन रहा गुरुवार
पूरे दिन जनजीवन रहा अस्तव्यस्त, सड़कों पर सन्नाटा
लखीमपुर खीरी। गुरुवार को आसमान से आग बरसी। कड़ी धूप और चिलचिलाती गर्मी से दिनभर जन जीवन अस्त-व्यस्त रहा। सुबह 11 बजे से ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। जिसे जिस ठिकाने पहुंचना था वहां पहुंचने के बाद वहीं दुबक कर रह गया। सड़कों पर निकलने वाले इक्का दुक्का लोग छाया ढूंढते नजर आए। गर्मी के कारण सरकारी और गैर सरकारी दफतरों में कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।
गुरुवार को सुबह से ही कड़ी धूप रही। सूरज चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ती गई। गर्म पछुआ हवाओं ने आग में घी का काम किया। दस बजते-बजते सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। नीचे सड़के तप रही थीं तो ऊपर आसमान से आग बरस रही थी। गर्मी और धूप के कारण कई लोग बीमार हो गए तो कुछ सड़कों पर ही बेहोश हो गए। आनंद टाकीज रोड पर पैदल जा रहा एक वृद्ध अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। आस पास के लोगों ने उसे रिक्शे पर लाद कर अस्पताल पहुंचाया।
कड़ी धूप और भीषण गर्मी के चलते आज तापमान में एकदम उछाल आ गया। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। चिलचिलाती धूप और गर्मी से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हुई। दोपहर में स्कूल की छुट्टियां होने पर बच्चों को साइकिल या रिक्शे से वापस लौटते समय भारी परेशानी उठानी पड़ी।
लड़कियां धूप से बचाव के लिए छाता लेकर निकलीं। तपती दोपहरी में लोगों ने जरूरी काम से भी बाहर निकलने से परहेज किया। जो जहां था वहीं दुबक कर रह गया। आज दफ्तरों में भी काम काज बुरी तरह प्रभावित रहा। लोग पंखे के हवा छोड़ कर पेड़ों के नीचे ठंडी हवा लेते दिखाई दिए।
इंसेट....
पानी को तरस गए लोग
भीषण गर्मी में बाहर से आने वाले लोग पानी को तरस गए। कोई शहर में इक्का दुक्का जगहों पर लगे प्याऊ पर प्यास बुझाते नजर आया तो काई हैंड पंप तलाशता दिखा। किसी ने पाउच खरीद कर प्यास बुझाई। इतनी ज्यादा गर्मी के बावजूद अभी तक शहर में कुछ ही जगह प्याऊ लगाए गए हैं। लोगों की प्यास बुझाने में स्वयं सेवी संस्थाएं भी सामने नहीं आई हैं।
इंसेट.....
गर्मी में बिजली ने खूब रुलाया
तपती दोपहरी में कई घंटे बिजली गायब रहने से लोग बेहाल हो उठे। रात भर बिजली गायब रहने से लोगों के इनवर्टर भी डिस्चार्ज हो गए जिसके चलते पूरा दिन हाथ का पंखा झलते बीता। बिजली न रहने से बाजारों में भी दिनभर सन्नाटा रहा।