सिराथू। सैनी कोतवाली इलाके के एक गांव में रहने वाली सात वर्ष की एक लड़की को पड़ोसी ने बहाने से अपने घर बुलाया और फिर दरिंदगी की। बालिका के बेहोश हो जाने पर आरोपी घर से भाग निकला। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंचे परिजन बालिका को जिला अस्पताल ले गए। यहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इलाके के एक गांव का एक व्यक्ति मजदूरी करता है। शनिवार सुबह परिवार के लोग खेत में काम करने गए थे। घर में सिर्फ सात वर्षीय बेटी थी। आरोप है कि इस बीच पड़ोसी पहुंचा और बालिका को अपने घर दूध गर्म करने के बहाने बुला ले गया। इसके बाद उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। बताया जाता है कि बालिका शोर मचाते-मचाते बेहोश हो गई। इस पर आरोपी भाग निकला।
उधर चीख-पुकार पर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने बालिका की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी उसके घरवालों को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन बालिका को जिला अस्पताल ले गए। यहां हालत में कुछ सुधार होने के बाद उसने आपबीती बताई। आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई। इस बाबत एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है मामला संज्ञान में है। बालिका को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है।