फर्रुखाबाद जिले में लापता बच्चे का शव मिलने से हड़कंप मच गया। जनपद एटा के थाना नयागांव के गांव करुआपुर निवासी शैलेंद्र सिंह राठौर फतेहगढ़ मोहल्ला न्यू फौजी कॉलोनी में रहते हैं। उनके साथ उनका सात वर्षीय भतीजा यश रहता था।
छह फरवरी की रात किसी बात को लेकर शैलेंद्र की बेटी ने यश को पीट दिया था। इससे नाराज होकर वह कहीं चला गया था। परिजनों ने खोजबीन की, पर कुछ पता नहीं चला। सोमवार देर रात उसका शव कंपिल क्षेत्र में पुलिस ने बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने शैलेंद्र की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को पकड़ा है। उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।