कानपुर। चकेरी के रामपुरम सेंगर चौराहा पर एक प्लाट पर कब्जा करने पहुंचे दरोगा ने अपने साथियों के साथ जमकर उत्पात किया। महिलाओं, बच्चों से मारपीट, लूटपाट की। विरोध पर धार्मिक पुस्तक को फेंका और फायरिंग करते हुए भाग निकले। प्लाट मालिक ने चकेरी थाने में दरोगा और उनके साथियों के खिलाफ लूट, फायरिंग, तोड़फोड़ एवं धार्मिक पुस्तक से छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी दरोगा कौशलेंद्र सिंह कुशवाहा एडीजी मेरठ का पेशकार है।
सेंगर चौराहा पर चमनगंज के सैयद मसूद का 500 वर्ग गज का प्लाट है। मसूद का आरोप है कि दरोगा कौशलेंद्र सिंह कुशवाहा प्लाट पर कब्जा करना चाहते हैं। इसके लिए वह कई दिनों से दबाव बना रहे हैं। इसकी शिकायत उन्होंने चकेरी थाने में 17 मार्च को की। पर, पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। अलबत्ता एक अफसर दरोगा की मदद में आ गया था। इससे उनकी एफआईआर भी नहीं लिखी जा रही थी। दरोगा का मनोबल बढ़ जाने से वह मंगलवार को दोपहर में उत्पात करने पहुंच गया। उसके साथ एक महिला भी थी। बकौल सैयद उनकी पत्नी-बच्चों ने विरोध किया तो आरोपी दरोगा ने उन्हें धक्का देकर जबरन प्लाट पर बने कमरे में घुस आए। तोड़फोड़, लूटपाट की फिर जानमाल की धमकी देने लगे। उनका कहना था कि प्लाट छोड़कर भाग जाओ वरना पूरा परिवार बर्बाद कर दूंगा। शोर सुनकर लोगों को जुटता देख दरोगा और उसके साथी फायरिंग करते हुए भाग निकले। सैयद ने बताया कि इस उत्पात में उनके घर से जेवर, नगदी समेत कई कीमती सामान गायब हो गए। गृहस्थी का काफी सामान बर्बाद हो गया। 100 नंबर की सूचना पर चकेरी पुलिस ने पहुंचकर सैयद से तहरीर ली। चकेरी थानाध्यक्ष ने बताया कि सैयद मसूद की तहरीर पर दरोगा कौशलेंद्र, सत्येंद्रजीत सिंह भदौरिया, अभिषेक सिंह, उर्मिला सिंह समेत आठ-दस अन्य अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 395, 397, 295 के तहत रिपोर्ट दर्ज हुई है।