कानपुर। बजरिया के रामबाग में सोमवार की रात शातिर चोरों ने स्प्रे डालकर एक मैनेजर के घर से करीब चार लाख रुपए का माल पार कर दिया। सुबह होश आने पर मैनेजर को चोरी की भनक लगी। घटना की सूचना पर पहुंची बजरिया पुलिस ने खोजी कुत्ते के साथ मैनेजर के घर का चप्पा-चप्पा चेक किया। पर, चोरों के बारे में सुराग नहीं मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जौनपुर केएक आटो कंपनी के मैनेजर धर्मेंद्र यादव का रामबाग में घर है। सोमवार को वह कंपनी का तगादा वसूल कर घर लौटे थे। रात में उन्होंने पत्नी गायत्री, बेटे रंजीत और रजोल के साथ खाया। इसके बाद सभी लोग कमरे में सोने के लिए चले गए। धर्मेंद्र ने बताया कि देर रात चरो पड़ोसी की छत के रास्ते उसके घर में दाखिल हुए। अलमारी में रखे तगादे के दो लाख रुपए, एक लाख रुपए कीमत के गहने और कीमती सामान समेत चार लाख रुपए का माल उठा ले गए। बकौल धर्मेंद्र चोरों के घर में दाखिल होने और फिर सामान समेटकर जाने की भनक तक उन्हें अथवा परिवार के किसी शख्स को नहीं लगी। उनका कहना है कि चोरों ने घर में घुसते ही नशीला स्प्रे डाल दिया। इससे वे होश बेहोश हो गए और चोर अपना काम करके निकल गए। सुबह नींद खुलने पर उनके बेटों का सिर दर्द हो रहा था। पत्नी और उनकी आंखें नहीं खुल रही थीं। काफी देर बाद उनका दिमाग स्थिर हुआ। तब उन्होंने कंट्रोल रूम के जरिए बजरिया पुलिस को घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस केसाथ खोजी कुत्ता भी मौकेपर पहुंचा। चोरों की गंध न मिलने पर वह धर्मेंद्र केघर से बाहर तक नहीं निकला। न ही उनके घर से चोरों का कोई सुराग ही मिला। फिलहाल धर्मेंद्र की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। विस्तृत जांच के बाद असलियत का पता चल सकेगा।