कानपुर। सपा नेता मो. हसन रूमी ने छबीलेपुरवा सबस्टेशन पर समर्थकों के साथ धावा बोलकर जेई की पिटाई कर दी। वह 12 लोगों को बिजली चोरी में पकड़ने के कारण खफा थे। इनमें उनका एक रिश्तेदार भी है। जेई ने चकेरी थाने में सपा नेता और उनके 10-12 समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना से गुस्साए जेई संगठन ने जल्द गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। उधर, छावनी से विधानसभा चुनाव लड़ चुके रूमी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए अभियंता पर धन उगाही का आरोप लगाया है।
छबीलेपुरवा सबस्टेशन पर मंगलवार सुबह 9.45 बजे रूमी अपने समर्थकाें के साथ पहुंचे। भीड़ ने अंदर घुसते ही हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी। रूमी ने जैसे ही अवर अभियंता राम कुमार को देखा वह गुस्से में आ गए। धक्का-मुक्की और मारपीट हो गई। अभियंता का कहना है कि रूमी ने उन्हें धक्का दिया तो कुर्सी का कोना उन्हें लग गया। अन्य केस्को कर्मचारियों ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया तो उनसे धक्का-मुक्की होने लगी। करीब 20 मिनट बाद रूमी समर्थकों के साथ चले गए। नाराज कर्मचारियों ने साथियों और अफसरों को सूचना दी तो सभी लोग सबस्टेशन पहुंच गए। अवर अभियंता का मेडिकल चेकअप कराने के बाद चकेरी थाने में रूमी और 10-12 अन्य के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने, मारपीट, गाली गलौज का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई। थानाध्यक्ष चकेरी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक व्यक्ति ने जेई पर उगाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उधर, जूनियर इंजीनियर संगठन केस्को के महासचिव गया सिंह ने कहा है कि इस तरह तो काम करना मुश्किल हो जाएगा। अगर जल्द दोषियाें की गिरफ्तारी न हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इसके विरोध में कार्य बहिष्कार तक हो सकता है।
सोमवार को केडीए कॉलोनी गंगा विहार में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाकर 12 लोगों को पकड़ा था। इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें उनका रिश्तेदार इसमें शामिल था। इससे नाराज रूमी ने पहले फोन पर गाली-गलौज की फिर सब स्टेशन में समर्थकाें संग आकर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
-राम कुमार परमार, अवर अभियंता, पोखरपुर
--
जेई ने कई लोगाें से बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलते समय पैसा मांगा था। इसका विरोध करने पर जेई ने अभद्रता की थी। इसी शिकायत पर सब स्टेशन पहुंचा था लेकिन मैंने किसी से मारपीट नहीं की। सभी आरोप निराधार हैं।
- मो. हसन रूमी, सपा नेता
---
केस्को ने पहले भी रूमी के खिलाफ दर्ज करवाई थी रिपोर्ट
पिछले साल 15 जून को केस्को मुख्यालय में हंगामा करने पर विधायक इरफान और मो. हसन रूमी के खिलाफ 17 जून को ग्वालटोली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसमें कहा गया था कि सपा विधायक इरफान सोलंकी और नगर सचिव मो. हसन रूमी करीब 20-25 अज्ञात लोगों के साथ आए। इन लोगों ने गेटमैन से लेकर केस्को एमडी के कक्ष तक मिले सभी लोगों को धकियाया, अभद्रता की और जान-माल की धमकी दी। पुलिस ने शांति भंग करने धमकी देकर अपमानित करने, जान-माल की धमकी देने, लोक सेवक पर हमला करने और बलवा की रिपोर्ट दर्ज की थी। यह मामला विधानसभा में उठाया गया था।
---