संतोष सिंह
कानपुर। हिंगूपुर से गंगा बैराज के बीच नौ किलोमीटर क्षेत्र में बांध बनाने के प्रस्ताव को शासन ने मंजूर कर लिया है। सिंचाई मंत्री शिवपाल यादव के आदेश के बाद सिंचाई विभाग ने बांध की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट पर काम शुरू कर दिया है। इसके लिए दो अधिशासी अभियंता लगाए गए हैं। यह काम जुलाई, 2012 तक पूरा कर लिया जाएगा। तहसील कर्मचारियों ने भी परियोजना क्षेत्र में आने वाली जमीनों का आकलन शुरू कर दिया है। सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता एके सिंह ने बताया कि शासन के आदेश पर सर्वेक्षण का काम शुरू किया गया है। जुलाई अंत तक प्रोजेक्ट रिपोर्ट शासन को सौंप दी जाएगी। इसमें बजट का प्रस्ताव भी शामिल रहेगा। गंगा पर बांध बनने के बाद कटरी क्षेत्र की 40 हजार से ज्यादा की आबादी को हर साल आने वाली बाढ़ की तबाही से राहत मिलेगी। श्री सिंह ने बताया कि बांध पर ही दो लेन की सड़क बनायी जानी है। इसका प्रस्ताव भी शासन को भेजा जा चुका है। यह सड़क गंगा बैराज तक बनाई जाएगी, जिससे होकर सीधे कानपुर पहुंचा जा सकेगा। साथ ही शुक्लागंज के रास्ते लखनऊ जाया जा सकेगा। रामपुर लुधवा खेड़ा के ग्राम प्रधान ने कहा कि गंगा पर बांध बनने से कटरी क्षेत्र की जनता, किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। हर साल अगस्त, सितंबर और अक्तूबर में घर छोड़कर भागने की समस्या खत्म हो जाएगी। बांध बनाने का सर्वेक्षण चल रहा है, जो सकारात्मक पहल है। बांध बनने की उम्मीद जगी है।