कानपुर। फजलगंज चार खंभा कुआं के पास गुरुवार रात मुखबिरी के शक में हिस्ट्रीशीटर सुशील कुमार शर्मा उर्फ बच्चा को छह-सात हमलावरों ने घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। तीन गोलियां लगने से वह लहूलुहान होकर गिर गया तो हमलावर भाग गए। इसके बाद बच्चा खुद रिक्शे पर बैठकर हैलट पहुंच गया। उसे आईसीयू में रखा गया है। भाई ने एक ही परिवार केपांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
शास्त्री नगर काली मठिया निवासी रामलाल का बेटा सुशील कुमार आजकल सुअर का कारोबार करता है। यशोदा नगर में उसका पिगरी हाउस है। भाई राजकुमार ने बताया कि बच्चा कारोबार केसिलसिले में गड़रियनपुरवा स्थित स्लाटर हाउस आता-जाता है। गुरुवार रात भी वह स्लाटर हाउस से निकल कर फजलगंज में एक कारोबारी से मिला था और रिक्शे से घर लौट रहा था। तभी चार खंभा कुआं के पास घात लगाए बदमाशों ने उसपर गोलियां बरसा दीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों के भागने के बाद बच्चा खुद एक रिक्शे में बैठा और हैलट पहुंच गया। उसके मोबाइल नंबर में डायल लास्ट नंबर को डायल किया गया, तो उसके भाई राजकुमार का निकला। राजकुमार ने बताया कि गड़रियनपुरवा में रहने वाले नीरज पाल, सोनू पाल, राहुल, वीरेंद्र उर्फ बड़क्के, रामकुमार ने हमला किया है। अप्रैल-2011 में नीरज पाल और उसके साथियों को फजलगंज पुलिस ने चोरी के मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने इंडियन आयल के एक टैंकर को लूटा था। नीरज को शक है कि बच्चा की मुखबिरी पर ही पुलिस उन तक पहुंची थी। तब से वह रंजिश मान रहा था। फजलगंज थाना प्रभारी ने बताया कि राजकुमार की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बच्चा काकादेव थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर कई मामले दर्ज हैं।