इंदरगढ़/तिर्वा। पटेल नगर तिराहे के पशु बाजार में रविवार को आयोजित हुए तिर्वा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन में हजारों सपाइयों की भीड़ जुटी। पड़ोसी जिलों से भी आए सपा के विधायकों, पूर्व सांसदों व जिलाध्यक्षों ने कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स दिए। कार्यकर्ताओं ने भी जीत का इतिहास बना देने व विधानसभा क्षेत्र से एक लाख से भी अधिक मतों से जिताकर भेजने का संकल्प लिया।
कार्यकर्ता सम्मेलन में आए इटावा के पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, औरैया के सपा विधायक प्रदीप यादव, मध्य प्रदेश के पूर्व सांसद कल्याण जैन, लोकसभा चुनाव के प्रभारी व पूर्व सांसद विशंभर प्रसाद निषाद, सोनभद्र के विधायक रामनिहोर यादव, छात्रसभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील यादव, एमएलसी नरेंद्र सिंह यादव, विधूना के विधायक प्रमोद गुप्ता एलएस, औरैया के जिलाध्यक्ष रामबाबू यादव, लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मनीष यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ममता कनौजिया ने मंच से अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव ऐतिहासिक है। यह पहला ऐसा उप चुनाव होगा, जिसमें कार्यकर्ताओं के साथ जनता भी खुद आगे आ रही है। कार्यक्रम के आयोजक तिर्वा के सपा विधायक विजय बहादुर पाल ने ऐलान करते हुए कहा कि उनके क्षेत्र से 1 लाख मतों से भी अधिक सपा प्रत्याशी की जीत होगी। मंच से पदाधिकारियों ने 5 जून को कन्नौज में होने जा रही सीएम की जनसभा में अपने निजी साधनों से बिना झंडा व बैनर के पहुंचने की अपील की। कार्यक्रम में सरनाम सिंह तोमर, विजय सिंह विद्रोही, नवाब सिंह यादव, इंद्रेश यादव, अजय वर्मा, अजय चतुर्वेदी, श्रीकृष्ण यादव, इंजीनियर अनिल पाल, मगन सिंह वैस, रामऔतार यादव, श्याम सिंह यादव, शरद यादव, फिदा हुसैन, सुधीर यादव, कंचन कनौजिया, सिपाहीलाल यादव, शनी यादव, हरदेव सिंह ड्यूक, सुशील कठेरिया ने भी अपने विचार रखे।