तिर्वा/इंदरगढ़ (कन्नौज)। अगौस के जंगली क्षेत्र के निकट मंगलवार दोपहर खेत में पानी लगा रहे किसान पर हमलाकर तेंदुए ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख सुनकर दूसरे खतों में काम रहे ग्रामीण दौड़े तो तेंदुआ मक्के के खेत में घुस गया। खेत को ग्रामीणों ने घेर लिया। गंभीर रूप से घायल किसान को जिला अस्पताल भेजा। सूचना पर इंदरगढ़ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी व वन विभाग की टीम भी पहुंच गई।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के अगौस ग्राम के मजरे गौरववाली गांव का हरीराम बाथम (45) दोपहर साढ़े बारह बजे खेत में लगी मक्के की फसल की सिंचाई कर रहा था। तभी एक खेत से निकले एक तेंदुए ने उसे दबोच लिया। किसान की चीख सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़े तो चीता मक्का के खेत में घुस गया। घायल किसान को ग्रामीणों ने जिला चिकित्सालय में भेजा। साथ ही अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर तहसीलदार तिर्वा, वन रेंज की टीम और इंदरगढ़ पुलिस पहुंच गई। ग्रामीण और अधिकारी खेत को घेर कर हांक लगाते रहे, लेकिन तेंदुआ बाहर नहीं निकला। कुछ ग्रामीण व सिपाही रायफल लेकर खेत में घुस गए। डीएफओ डीपी गुप्ता का कहना है कि इस क्षेत्र में चीता के होने का सवाल ही नहीं उठता है। कटरी इलाके में तेंदुए हैं। वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में घंटों जुटी रही लेकिन वह भाग निकला।