कन्नौज। वकील पर जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से गुरुवार को सदर तहसील के वकीलों का आक्रोश फूटा। विरोध प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की गयी। बाद में जीटी रोड तहसीलगेट पर प्रशासन का पुतला फूंका गया।
मालूम हो कि विगत 11 मई की सुबह करीब 10 बजे टेंपो से कचहरी आते समय वकील यादवेंद्र किशोर यादव पर कुछ लोगों ने हमला कर घायल कर दिया था। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाही नहीं की। इसके चलते कई दिनों से सदर तहसील के वकीलों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन चलाया जा रहा था। इस बारे में उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है। गुरूवार की दोपहर करीब 12 बजे सदर तहसील में रामदेव शुक्ला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आक्रोश जताया। बाद में आक्रोशित वकीलों द्वारा प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए अर्थी निकाली गयी। वकीलों ने सदर तहसील गेट के सामने जीटी रोड पर प्रशासन का पुतला फूंककर आरपार की लड़ाई का ऐलान किया। इस मौके पर विनोद त्रिवेदी, रामबाबू राठौर, केसी शर्मा, मो. नईम खां, राजीव श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, शशिमोहन त्रिपाठी, अमित श्रीवास्तव, अमित मिश्रा, आछेलाल, मो. अयूब, सरनाम सिंह कटियार, अजय कुमार यादव, मनोज पांडेय, हीरालाल, महेंद्र बाजपेई मौजूद रहे।