छिबरामऊ (कन्नौज)। सुभाष अकादमी में आयोजित स्वतंत्रता सेनानियों व उत्तराधिकारियों के प्रांतीय सम्मेलन में सेनानियों सहित उनकी पत्नियों, विधवाओं व उत्तराधिकारियों को भी सम्मानित किया गया वहीं अकादमी की छात्राओं ने देशभक्ति के गीत पर डांस करके सभी का मन मोह लिया।
समापन सत्र में हुई विचार गोष्ठी में राष्ट्रीय स्वतंत्रता सेनानी परिवार के राष्ट्रीय संयोजक राजेश पांडेय ने कहा कि हमारे बुजुर्गों ने अथक संघर्ष कर देश को अंग्रेजों से छीना था। हमारा देश भौतिक उन्नति भले ही कर रहा हो लेकिन सादगी व सच्चाई का लक्ष्य लेकर चले पूर्वजों का स्वप्न पूरा नहीं हुआ। शायद इसी वजह से देश में मारामारी मची है। स्वतंत्रता सेनानी रामकुमार आजाद ने कहा कि सेनानियों का रक्त पहले भी अलग था और आज भी अलग है। हमने न तब समझौता किया न अब करेंगे। इस सत्र के दौरान 8 सूत्रीय मांगपत्र पर चर्चा कर मुख्यमंत्री को भेजने का निर्णय लिया गया।
सायं कालीन समापन सत्र में अकादमी के निदेशक इंजी.सुप्रभाष सक्सेना, राजकुमार गुप्ता, सैयद इशहाक जमील आशू व अविनाश सक्सेना ने तिलक व मार्ल्यापण के साथ उत्तरीय भेंट करके स्वतंत्रता सेनानी अनंतराम श्रीवास्तव कन्नौज, गोवर्धनलाल कनौजिया तिर्वा, सत्यदेव त्रिपाठी झांसी, रामकुमार आजाद कानपुर, वीपी बाजपेई लखनऊ व डीपी द्विवेदी लखनऊ का सम्मान किया। पूर्व पालिकाध्यक्ष सुभाना रफी ने सेनानियों की विधवाओं शीतलादेवी सक्सेना छिबरामऊ, मालतीदेवी बनारस, मैकनदेवी मैनपुरी व मैना देवी बनारस को सम्मानित किया। इस दौरान सम्मेलन में आए सेनानियों के उत्तराधिकारी बरेली से प्रमोद श्रीवास्तव, गोंडा से शिवकुमार कौशल, मैनपुरी से सुशील जैन, मुन्नालाल कश्यप, बहराइच से रमेश मिश्रा, इटावा से नरेशचंद्र सविता, इकबाल हाशमी, बिल्हौर से रमेश कौशल, बिधूना से राजेश, काशीराम नगर से गजराज सिंह, बनारस से प्रताप यादव, सीतापुर से राकेश शर्मा, कानपुर से एसके शर्मा, पूर्णिमा सिंह, सुशीला निगम, पद्मकांत दुबे, छिबरामऊ से डा.जयप्रकाश त्रिपाठी, डा.कंचन सिंह परिहार, डा.ब्रह्मप्रकाश त्रिपाठी व तारा शुक्ला को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वीएस त्रिपाठी ने किया।
इससे पूर्व सेनानियों ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। आरती त्रिपाठी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अकादमी की छात्राओं ने वंदेमातरम गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी।