कन्नौज। सुहागिन महिलाओं ने रविवार को निर्जला व्रत रखकर अपने पिया की लंबी उम्र की कामना की। सोलह श्रंगारों से सजकर वट वृक्ष के नीचे पूजा अर्चना के बाद व्रत परायण किया।
शहर के डाक बंगला रोड, देविन टोला, कटियारन मोहल्ला, शिवाजी नगर, कलेक्ट्रेट रोड, तिर्वा क्रासिंग, सिपाही ठाकुर, छिपट्टी, सरायमीरा सहित सभी मोहल्लों में महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु की कामना की। वट वृक्ष के नीचे पूजा अर्चना करने के लिए सुबह 6 बजे से महिलाओं का जमघट लगना शुरू हो गया था। पूजा करने का सिलसिला दोपहर तक जारी रहा। उधर वट वृक्ष की पूजा में खरबूजा के चढ़ाए जाने से दुकानदारों ने भी अपने भाव बढ़ा दिए। शुक्रवार तक जहां खरबूजे के भाव 7 रुपए से लेकर 10 रुपए तक थे। वहीं रविवार को 15 से 20 रुपए किलो तक खरबूजा बिका।
तिर्वा प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बे के सिद्धपीठ मां काली देवी मंदिर, रामेश्वरम मंदिर में आज सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ जुटी। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वट वृक्ष के अलावा कई अन्य स्थानों पर भी श्रद्धालु महिलाओं ने पूजा करके पति की लंबी उम्र की दुआ मांगी। महिलाओं का मानना था कि इस पूजा से जिस प्रकार सावित्री ने अपने पति सत्यवान की लंबी उम्र पा ली थी। उसी तरह उनके पति भी चिरायु रहेंगे।