विशुनगढ़ (कन्नौज)। शराब के नशे में डांस करना और फिर नौटंकी में डांस कर रही नर्तकी से छेड़छाड़ करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। इस बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि नौबत फायरिंग की आ गई। ताबड़तोड़ फायरिंग से जहां भगदड़ मच गई वहीं नशे में डांस करने वाला युवक गोली लगने से घायल हो गया। इस मामले में पूर्व प्रधान समेत चार को नामजद करते हुए घायल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मौका था ग्राम रकरा में लल्ला सिंह के पुत्र अमन का अन्नप्राशन कार्यक्रम था खुशी में लल्ला सिंह ने अपने यहां दावत के बाद रात में नौटंकी का कार्यक्रम रखा था। डीजे की मधुर धुनों पर नर्तकी डांस कर रही थी। तभी हल्के नशे के सुरूर में वहां बैठा नौटंकी देख रहा पूर्व कोटेदार लाखन सिंह अचानक मंच पर चढ़ गया और डांस करने लगा नशे में उसने डांस कर रही नर्तकी से छेड़छाड़ कर दी फिर क्या था वहां बैठे लोगों को यह सब नागवार गुजरा। इसी बात को लेकर वादविवाद शुरू हो गया और फिर बात इतनी बढ़ी की नौबत फायरिंग तक जा पहुंची। फायरिंग के दौरान एक गोली लाखन के कंधे में जा धंसी जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। रात में ही परिवारीजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छिबरामऊ ले गए वहां से उसे आगरा के लिए रिफर कर दिया गया।
उधर घटना की जानकारी होते ही विशुनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा बाद में अस्पताल पहुंच कर घायल से पूंछतांछ की। क्षेत्राधिकारी रमेशकुमार भारतीय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। घटना के संबंध में घायल लाखन सिंह ने पूर्व प्रधान रामेंद्र सिंह फौजी पुत्र कनौजीलाल निवासी सिंहपुर, विपिन कुमार पुत्र रामसरन, लल्ला पुत्र राजेंद्र सिंह व ऊधन सिंह पुत्र मुरारीलाल निवासीगण रकरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह देर शाम शौच के लिए जा रहा था तभी पुरानी रंजिश को लेकर पहले से ही घात लगाए बैठे उपरोक्त लोगों ने उसे घेर कर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी जिससे गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना दरोगा तारकनाथ को सौंपी है।