कन्नौज। पश्चिम बंगाल से भगाकर लाई गई एक युवती को पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में पकड़ा है। उसे उप जिलाधिकारी कोर्ट में पेश किया गया। एसडीएम के निर्देश पर युवती को उसके घर भेजने की तैयारी शुुरू कर दी गई है।
पश्चिम बंगाल के जिला वीरभूमि थाना नोलाटी के गांव पातपारा निवासी रानी पुत्री ओमनंद भट्टाचार्य किसी साधू के साथ कुछ दिन पहले यहां घूमने के लिए आई थी। साधू इसे छोड़कर फरार हो गया। गुरुवार को सुबह के वक्त तिर्वा क्रासिंग पर यह पुलिस को घूमते हुई दिखी। पूछताछ में उसने पूरी घटना का बयां कर दिया। महिला थानाध्यक्ष नीलम पांडेय ने उक्त युवती को उप जिलाधिकारी सदर महेश चंद्र शर्मा के न्यायालय में पेश किया। उप जिलाधिकारी ने महिला थानाध्यक्ष को निर्देश दिए कि उक्त महिला को उसके घर भिजवाया जाए। उधर कोतवाली प्रभारी वीएल यादव ने डीजीपी कार्यालय से पश्चिम बंगाल के थाना नोलाटी का मोबाइल नंबर लेकर वार्ता की। उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष ने उक्त महिला को लेने के लिए पुलिस को रवाना कर दिया है।