झांसी। बेटे को जन्म देने के बाद एक महिला की हालत बिगड़ गई। वह कोमा में चली गई थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला का वजन 105 किलो था। वहीं, नवजात एकदम स्वस्थ है।
ललितपुर के तालबेहट के रहने वाले इमरान की पत्नी नाहिद (34) गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर उसे 18 जनवरी को झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया था। इसके अगले दिन नाहिद ने ऑपरेशन से एक बेटे को जन्म दिया। लेकिन, इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसका ब्लड प्रेशर 450 और शुगर 916 पर पहुंच गई थी।
वह कोमा में चली गई थी। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिजनों की सहमति से शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के जीजा मो. इस्तियार ने बताया कि नाहिद का वजन 105 किलोग्राम था। उसकी दो साल पहले शादी हुई थी। यह उसका पहला प्रसव था। हालांकि, बच्चा एकदम स्वस्थ है।