थानागद्दी। थानागद्दी (जगियापुरवा) निवासी दो सगे भाइयों को बुधवार रात मुंबई के घाटकोपर इलाके में बदमाशों ने मौत के घाट उतार दिया। बचाव कर रहे युवकों के माता, पिता पर भी हमला बोल दिया। वारदात की खबर गांव आते ही कोहराम मच गया।
थानागद्दी (जगियापुरवा) निवासी जितेंद्र सिंह का परिवार कई वर्षों से घाटकोपर में रह कर आटा चक्की और टैक्सी चलाने का काम करता है। जितेंद्र के छोटे भाई धर्मेंद्र सिंह भी साथ में रहते हैं। रविवार को टैक्सी पार्किगिं को लेकर धर्मेंद्र का पड़ोसियों से विवाद हो गया था। उस समय तो मामले का पटाक्षेप हो गया लेकिन मंगलवार रात हाथ में तलवार लिए दर्जनभर महिलाएं, पुरुष जितेंद्र के घर में घुस आए। जितेंद्र के दो बेटों अवनीश सिंह 24 और आशीष सिंह 20 पर हमला कर उनका कत्ल कर दिया। बचाव में आई मां चंद्रकला और पिता जितेंद्र पर हमला कर उन्हें अधमरा कर दिया। घायल माता, पिता अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। घटना की खबर गांव आते ही कोहराम मच गया। परिवार के कुछ लोग फौरन मुंबई के लिए रवाना हो गए। इस जघन्य वारदात की पूरे गांव में चर्चा है।