बक्शा। बेलहटा गांव में बीडीसी पति अंगद सिंह की सोमवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। अंगद घर के बाहर चारपाई पर सोए थे। गोली चलने की आवाज सुन बगल में सो रही उनकी पत्नी जाग गई और अंगद की तकिया के नीचे रखी लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर बदमाशों को दौड़ाया। लेकिन हवाई फायर कर बदमाश भाग निकले। पुलिस ने दो भाइयों समेत तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अंगद सिंह (36) की पत्नी तुलसा देवी क्षेत्र पंचायत सदस्य और पूर्व प्रधान हैं। अंगद रिलायंस के टावरों पर डीजल आपूर्ति करता था। सांसद धनंजय सिंह के करीबी होने के नाते राजनीति में गहरी पैठ भी थी। क्षेत्र में काफी दबंग माने जाने वाले अंगद सिंह अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर हमेशा साथ में रखता था। सोमवार की रात अंगद घर के बाहर चारपाई पर सोया था। रिवाल्वर भी तकिया के नीचे रखी थी। बगल में दूसरी चारपाई पर उनकी पत्नी तुलसा देवी बेटे प्रद्युम्न के साथ सो रही थीं। देर रात करीब 12.30 बजे कुछ लोगों ने अंगद पर फायर झोंक दिया। एक गोली गर्दन में और दूसरी सीने में दाहिनी ओर लगी। गोली चलने की आवाज सुन तुलसा देवी की नींद खुल गई। कुछ लोगों को भागता देख तुलसा ने फौरन अंगद की तकिया के नीचे रखी रिवाल्वर निकाली और बदमाशों को दौड़ाया। शोर सुन कर आस-पास के लोग भी बाहर आ गए। लोगों को पीछे आता देख हवाई फायर कर बदमाश करीब 600 मीटर दूर खड़ी एक बाइक से भाग निकले। परिवार के लोग अंगद सिंह को पीएचसी ले गए। हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शहर आते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वारदात की जानकारी होने पर एएसपी ग्रामीण सुरेश्वर, बक्शा थानाध्यक्ष आलमगीर, महराजगंज, सिंगरामऊ की पुलिस मौके पर पहुंची। तुलसा देवी ने पुलिस को हमलावरों के नाम बताए। रात में ही करीब तीन बजे एसपी आकाश कुलहरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अंगद सिंह के बड़े भाई प्रहलाद सिंह ने एसपी को बताया कि बीते 25 अप्रैल को उनके पुत्र मनोज सिंह और पूराहेमू निवासी हृदय नारायण मिश्रा से भूमि विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। अंगद मौके पर पहुंचे तो उनसे भी हृदय नारायण की कहासुनी हुई। विवाद में हृदय के बेटे अशोक और अनिल ने अंगद की बाइक कूचने के बाद देख लेने की धमकी दी थी। इस मामले में हृदय, अनिल, अशोक और पूराहेमू गांव के ही विवेक के खिलाफ एनसीआर दर्ज थी। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने अनिल मिश्रा, अशोक मिश्रा पुत्र हृदय नारायण मिश्रा और सोनवर निवासी आलोक यादव पुत्र श्रीकांत के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। एसओ आलमगीर का कहना है कि गोली पिस्टल से मारी गई है। तनाव के चलते गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
इनसेट----
बाहर सोने की थी जानकारी
बक्शा। हत्यारों ने बड़ी सोची समझी साजिश से वारदात को अंजाम दिया। परिवारवालों का कहना है कि अंगद हमेशा छत पर सोते थे। कुछ रिश्तेदारों के आने से वह घर के बाहर सोने लगे। हत्यारों को इस बात की सटीक जानकारी थी कि अंगद घर के बाहर सो रहे हैं। अंगद तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। सबसे बड़े श्याम बिहारी और दूसरे नंबर के प्रहलाद का घर अगल-बगल है। अंगद की मौत से पत्नी तुलसा देवी और पांच बच्चे आकांक्षा (15), आंचल (13), प्रद्युम्न (11), अंजली (8) रो रोकर बेसुध हो गए हैं।