मुंगराबादशाहपुर/सुजानगंज। मुंगराबादशाहपुर से दिल्ली जा रही रोडवेज बस के चालक की मंजिल के करीब पहुंच कर हादसे में मौत हो गई। इस हादसे में आठ लोगों ने अपनी जान गंवाई। मृतकों में दो प्रतापगढ़ और पांच दिल्ली के बताए जा रहे हैं। चालक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
मुंगराबादशाहपुर डिपो की रोडवेज बस रविवार सुबह 8.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। सुजानगंज के रमदेहिया गांव निवासी अशोक कुमार यादव (42) बस चला रहे थे। दूसरे चालक पट्टी प्रतापगढ़ निवासी राजेश कुमार यादव (40) भी बस में मौजूद थे। रोडवेज बस दिल्ली पहुंचने वाली थी कि मंगलवार सुबह 5.30 बजे खुर्जा के पास सामने से आ रही टूरिस्ट बस से सीधी टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि रोडवेज बस पलट कर 20 फीट गहरी खाई में चली गई। चालक अशोक कुमार यादव समेत आठ लोगों की हादसे में मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दूसरे चालक राजेश कुमार यादव, परिचालक मिर्जापुर निवासी धीरेंद्र सिंह (25) को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अशोक कुमार यादव की मौत की खबर आते ही सुजानगंज के रमदेहिया गांव में कोहराम मच गया। अशोक के पिता हरिगेन यादव (65) ने बताया कि अशोक की भर्ती 22 दिसंबर 2005 को बलरामपुर डिपो में हुई थी। 2009 में मुंगराबादशाहपुर डिपो के लिए स्थानांतरण हुआ था। अशोक को दो जुड़वा बेटे ऋषिकेश यादव, बृजेश यादव (25) हैं। दोनों स्नातक के छात्र हैं तथा बेटी प्रीती यादव (20) भी बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। पत्नी सुशीला का का रो-रोकर बुरा हाल है। मुंगराबादशाहपुर डिपो कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विजय सरोज ने दिल्ली पहुंच कर घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शव सुजानगंज लाया जा रहा है।