जलालपुर। पुलिस महानिरीक्षक वाराणसी बृजभूषण ने सोमवार सुबह जलालपुर थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस की क्लास भी ली। जवानों को उनकी भूमिका का अहसास कराया। कहा कि आज देश में आतंकी घटनाएं बढ़ी हैं। ऐसे समय में सिविल पुलिस की भूमिका सबसे ज्यादा बढ़ जाती है। हम राष्ट्रीय भावना को ऊपर रखकर काम करें और अपनी जिम्मेदारी को समझें। ऐसी समस्याओं से निपटने के लिए सिविल पुलिस सबसे कारगर भूमिका अदा कर सकती है। उन्होंने सभी में जोश भरते हुए कहा कि हमारा नेटवर्क बहुत बड़ा है। हम उसका फायदा उठाएं और हमेशा सतर्कता बनाए रखें। हर छोटी सी सूचना हमारे लिए बड़ी भूमिका अदा कर सकती है। आम तौर पर शिकायतों को हम नजरंदाज करते हैं, लेकिन यदि शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करें तो तमाम घटनाएं रोकी जा सकती है। आईजी ने पुलिस कर्मियों को कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाई तथा राष्ट्रीयता की भावना से काम करने की सलाह दी। इससे पहले आईजी ने सिपाही बैरक, मेस, मालखाना, शस्त्रागार, बंदीगृह के अलावा थाने के रखरखाव का की। आईजी ने मेस में लकड़ी पर खाना बनता देख थानेदार की क्लास ली। कहा कि यह व्यवस्था कैसे संचालित की जा रही है। क्या आपने कभी मेस देखा ही नहीं। यदि मेस देखा है तो गैस का इंतजाम क्यों नहीं कराया गया। फिलहाल थानेदार चंद्रभाष्कर द्विवेदी जी सर के अलावा कोई जवाब नहीं दे सके। आईजी ने थानेदार कक्ष में अपराधियों, दुर्घटनाओं और अपराधिक घटनाओं का चार्ट नहीं चस्पा होने पर सीओ से भी पूछताछ की। कहा कि आप कब से थाने नहीं आए हैं। आए हैं तो यह स्थिति क्यों है। फिलहाल सीओ केराकत नेत्रपाल सिंह भी कोई जवाब नहीं दे सके। इसी क्रम में बंदीगृह में बंद एक बंदी से भी बातचीत की। बंदीगृह की भी साफ सफाई कराने और पेयजल की समुचित व्यवस्था का आदेश दिया।