खुटहन। सांसद धनंजय सिंह ने बदलापुर तहसील के सियराबासी गांव के अग्निकांड पीडि़तों से मुलाकात की। लोकसभा सत्र से लौटे सांसद घर जाने के बजाय एयरपोर्ट से सीधे सियराबासी पहुंचे। सियराबासी में आग लग जाने से दो दर्जन परिवार सड़क पर आ गए हैं। सांसद ने पीडि़त परिवारों को मौके पर ही आर्थिक सहायता के तहत पांच-पांच हजार की नगद सहायता राशि उपलब्ध कराई। गांव की राजभर, ब्राह्मण बस्ती तथा धोबी बस्ती में अपनी निधि से एक-एक हैंडपंप लगवाने का आदेश दिया। सांसद के आदेश का इतनी तेजी से पालन हुआ कि शनिवार को हैंडपंप लगाने का भरोसा दिलाया और रविवार को हैंडपंप लगाने वाले पहुंच गए।
सांसद ने सभी 23 परिवारों को इंदिरा आवास उपलब्ध कराने के साथ दैवी आपदा राहत कोष से सहायता दिलाने के लिए एसडीएम से बात की। बाद में उन्होंने एसडीएम बदलापुर को चिट्ठी भी लिखी। इसमें आग से हुए नुकसान का सही आंकलन तथा अधिकतम सहायता राशि दिए जाने का आदेश दिया गया है। यहां के गरीबों को दो दिन के भीतर कपड़ों की भी व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया है। सांसद ने लोगों से यह भी कहा कि वह बीस दिन बाद फिर लौटेंगे और यह पता लगाएंगे कि उनके द्वारा दी गई सुविधाएं लोगों तक पहुंची या नहीं। साथ ही सरकारी सहायता राशि दिलाने के लिए उच्चाधिकारियों से भी कहेेंगे। सांसद के साथ करंजाकला ब्लाक प्रमुख बृजेश सिंह प्रिंशू, रवि प्रकाश सिंह, शिव पूजन पांडेय, सुधीर सिंह, मुन्ना तिवारी, प्रमोद तिवारी, चंचल सिंह, विनोद सिंह, सदाशंकर, प्रधान रमेश चंद्र पांडेय आदि मौजूद थे। सहायता के क्रम में रविवार को ही नागरिक स्वाभिमान फाउंडेशन समिति के अध्यक्ष दयाराम उपाध्याय, संजय दुबे, देवेंद्र नाथ तिवारी ने 50 कुंतल अनाज, वस्त्र तथा वर्तन लोगों के बीच वितरित कराया।