सुरेरी। थाना क्षेत्र के पटैला गांव की पाल बस्ती में नाली बनवाने गए प्रधान के भाई की दबंगों ने जमकर पिटाई कर दी। ईंट पत्थर से प्रधान के भाई को सिर और शरीर के अन्य हिस्से में चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना है। प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पटैला के प्रधान राम विलास पाल के भाई दिनेश पाल (35) गांव के पास बस्ती में नाली निर्माण के लिए खुदाई कराने गए थे। गांव के ही महेंद्र कुमार और सुभाष ने नाली बनाने वाले रास्ते पर नाद रखकर कब्जा कर रखा था। नाली की खुदाई का काम कर रहे मजदूरों ने नाद हटवाने को कहा। दिनेश ने महेंद्र और सुभाष को बुलाकर नाद हटवाने को कहा। इसी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। सुुभाष पक्ष के लोगों ने दिनेश की जमकर पिटाई कर दी। ईंट पत्थर चलने से दिनेश के सिर और शरीर के अन्य हिस्से में चोटें आईं है। विवाद होने के बाद काम कर रहे मजदूर मजदूर वहां से खिसक लिए। खबर पर प्रधान राम विलास पाल भी मौके पर पहुंच गए। दिनेश का प्राथमिक उपचार प्राथमिकी स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने महेंद्र और उनके भाई सुभाष को हिरासत में ले लिया है। विवाद के बाद गांव में चल निर्माण कार्य बंद करवा दिया गया। मारपीट के चलते गांव में तनाव की स्थिति बनी है।