मुंगराबादशाहपुर। मुगरडीह गांव में एक भूमि पूजन के मौके पर भोजपुरी फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी के पहुंचते ही प्रशंसक उछल पड़े। मनोज भी माटी में उतरे तो माटी की बात करने लगे। लकदक कपड़ों में काला चश्मा लगाए मनोज तिवारी ने लक्जरी गाड़ी से उतर कर हाथ जोड़ लोगों का अभिवादन किया। जनता का प्यार पाकर मनोज गदगद दिखे।
सुबह-सुबह मनोज तिवारी को अपने करीब पाकर गांव के लोग निहाल हो गए। सभी ने उन्हें अपनी आंखों का तारा बना लिया। मनोज ने भी युवाओं के साथ खूब हंसी मजाक किया। हर सवालों का भोजपुरी में जवाब देते रहे। भूमि पूजन हेतु जमीन पर बैठे तो जौनपुरिया माटी की याद आ गई। पूछा नारियल शीतला चौकियां धाम का है या नहीं। सभी ने हां में जवाब दिया। मनोज बोले यह मुंगराबादशाहपुर है न, फिर कहा सुभाष पांडेय ठीक ठाक हैं। सभी ने सिर हिला कर हां में जवाब दिया। बोले मुंगराबादशाहपुर तीन बार आया हूं। यहां के लोगों का स्नेह अद्भुद हैं। युवाओं ने उनके साथ खूब हंसी ठिठोली की। मनोज भी उसी रंग में रंगे दिखे। करीब 20 मिनट तक चले कार्यक्रम के बाद मनोज वहां से रवाना हुए। इस अवसर पर अनुपम तिवारी, बबलू यादव, हेमंत मिश्रा, विनोद यादव, मंटू शुक्ला, आशीष, रवि दुबे, भरत आदि मौजूद रहे।