जौनपुर। वन विभाग ने मानसून सीजन में वन क्षेत्र को बढ़ाने के लिए कमर कस ली है। इसके लिए जिले को हरा भरा करने की तैयारी शुरू हो गई है। वन विभाग 40 नर्सरियों के माध्यम से 14 लाख 55 हजार पौधे तैयार कर रहा है। इन्हें पौधरोपण अभियान के दौरान विभिन्न हिस्सों में रोपा जाएगा। इसके अलावा 33 लाख पौधे अन्य विभागों से तैयार की जाएगी। हालांकि अभी वन विभाग को ही लक्ष्य मिला है।
जुलाई-अगस्त में पौधरोपण अभियान के तहत जिले में वन विभाग की ओर से 14 लाख 55 हजार पौधे लगाएं जाएंगे। पौधों की उपलब्धता की जिम्मेदारी वन विभाग को सौंपी गई है। इसको देखते हुए वन विभाग की ओर से 40 नर्सरी में 14 लाख 55 हजार पौधे तैयार किए जा रहे हैं। प्रति नर्सरी में डेढ़ से 200 लाख पौधे उगाए जा रहे हैं। एक नर्सरी में 10 से 12 महिलाएं पौधे उगाने का कार्य कर रही हैं। इसमें जामुन, आम, कटहल, अर्जुन समेत विभिन्न प्रजाति के पौधे शामिल हैं। जुलाई से पहले पौधों को तैयार किया जाना है। अप्रैल-मई में नर्सरी में पौधे तैयार हो जाएंगे, तो उसे जुलाई-अगस्त में रोपा जाएगा। इसके अलाव करीब 33 लाख पौधे अन्य विभागों से तैयार किए जाएंगे। इन पौधों को लगाने के लिए गड्ढों की खोदाई भी शुरू कर दी गई है। गड्ढे खोदने के बाद मिट्टी खाद डालने के बाद जून में बंद कर दिया जाएगा। जिससे दीमक और कीट नष्ट हो जाएंगे। इसके बाद जुलाई में मानसून आने के बाद पौध रोपण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
14 लाख 55 हजार वन विभाग को पौधा रोपण का लक्ष्य मिला है। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। 40 नर्सरियों में पौधे उगाने के लिए बीज बुआई का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा करीब 33 लाख पौधे अन्य विभागों से तैयार किए जाएंगे। हालांकि अभी इसका लक्ष्य नहीं है। पौधरोपण के लिए गड्ढे की खोदाई का भी कार्य शुरू कर दिया गया है।
- प्रवीन खरे, डीएफओ वन विभाग।