उरई (जालौन)। भीषण गर्मी व तेज लू के चलते रविवार को भी शहर का जनजीवन ठिठका रहा। हालत यह है कि घरों में लगे कूलरों से भी ठंडी हवा नहीं मिल रही है। भीषण गर्मी के चलते शहर के मुख्य बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। आज का तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।
आज सुबह आठ बजे से ही शहर तपने लगा था। दोपहर होते होते तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सूरज की आग उगलती किरणों ने माहौल को इस कदर गर्म कर दिया कि घरों में लगे कूलरों ने भी ठंडी हवा देना बंद कर दिया। राहगीरों ने पार्कों आदि ठंडे स्थानों पर दोपहर बिताई। खेतों पर पशुओं को चराने पहुंचे ग्रामीण भी अपने अपने पशुओं को पेड़ की छांव में बैठाकर दोपहर बीतने का इंतजार करते रहे।
शहर के मुख्य बाजार जिसमें सुबह से रात तक ग्राहकों की भीड़ रहती थी, आज वहां सन्नाटा छाया था। दुकानदारों ने गर्मी से बचने के लिए अपनी दुकानों के सामने तिरपाल या चादर लगा रखी थी। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहर को आने वाले ट्रेन यात्रियों को हुई। रिक्शा न मिलने के कारण उन्हें सारी दोपहर रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय में बितानी पड़ी। तीन बजे अचानक तेज हवा चलने लगी तब लोगों ने कुछ राहत महसूस की लेकिन चार बजते ही मौसम पहले जैसा हो गया।