उरई (जालौैैन)। सूरज ने बुधवार को सुबह से ही आग उगलनी श्ुारू कर दी। इससे 44 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। बुधवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। भीषण गर्मी व लू ने शहर का जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया।
आज सुबह 8 बजे से ही माहौल में गर्मी का एहसास होने लगा। दुपहर होते होते भीषण लू व गर्मी के कारण लोग तिलमिलाने लगे। तेज धूप से शरीर पर चीटियां सी रेंगती लगीं। इसके चलते शहर के व्यस्त रहने वाले बाजारों व सड़कों पर सन्नाटा छा गया। पंखे तो इतनी गर्म हवा दे रहे थे मानो बंद कमरे में ही लू चल रही हो। इसके अलावा कूलर भी ठंडी हवा नहीं फेंक रहे थे। रिक्शा व टेंपो चालकों ने भी अपने वाहन खड़े करके छांव में बैठकर गर्मी से बचने का प्रयास किया। भीषण गर्मी के चलते अधिकांश लोग घरों में दुबके रहे। जरूरी काम वाले ही पूरे शरीर को कपड़ों से ढककर बाहर निकले।
सड़कों पर घूमने वाले पशु भी आज सरकारी कार्यालयों की दालानों या बंद दुकानों के आगे बैठे दिखाई दिए। अधिकांश वृद्धों ने शहर के मध्य स्थित माहिल तालाब पार्क में पेड़ों की छांव में बैठकर आग उगलती तपती दुपहर बिताई। आज मौसम विज्ञानी अमर निरंजन ने अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया।