उरई (जालौन)। एट थाना क्षेत्र के ग्राम पिरौैना पुलिया के पास मंगलवार को तड़के करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना एट थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त करानी चाही लेकिन खबर लिखे जाने तक शव को कोई भी पहचान नहीं सका था। इसकी हत्या का शक जताया जा रहा है।
सुबह ग्राम पिरौना के कुछ ग्रामीण शौच के लिए खेतों की ओर जा रहा थे तभी उन्हें पिरौना पुलिया के पास एक व्यक्ति का शव दिखा। ग्रामीणों के मुताबिक यह ग्राम पिरौना और आसपास के गांव का नहीं था। उसके शरीर में चोटों के तमाम निशान थे। इससे लगता है कि किसी ने इसकी हत्या करके शव यहां फेंक दिया है।
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर आई एट थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त करवाने का प्रयास किया। शिनाख्त न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।