उरई (जालौन)। तेज रफ्तार आटो की टक्कर से बाइक सवार दो युवक बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने राहगीराें की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया तथा आटो को कब्जे में ले लिया। चालक मौके से भाग निकला।
डकोर थाना क्षेत्र के गांव मुहम्मदाबाद निवासी आमिर खान (22) अपने साथी आलमगीर (16) के साथ सोमवार को खरीददारी करने शहर आया था। खरीददारी के बाद दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। दोपहर तकरीबन ढाई बजे गल्ला मंडी के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार आटो चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों जख्मी हो गए। आमिर खान सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा है। उसके हाथ की अंगुली कट गई।
सूचना पाकर आई पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक आटो छोड़कर भाग गया। पुलिस ने आटो को कब्जे में ले लिया है।